हाईवे स्थित चंद्रिका फार्म हाउस के सामने मंगलवार दोपहर सपा नेता के बेटे को सहपाठी छात्र समेत तीन लोगों ने मारपीट करने के बाद गोली मार दी। परिजन घायल छात्र को अस्पताल में लेकर भटकते रहे और पुलिस उनको तलाशती रही। आरोपियों के खिलाफ नामजद केस दर्ज हो गया है। जबकि गोली मारने का कारण पुलिस अभी स्पष्ट नहीं कर सकी है।
टीपी नगर थानाक्षेत्र अंतर्गत ऋषि नगर निवासी राजकुमार गिरि समाजवादी व्यापार सभा के जिला महासचिव हैं। उनका बेटा शिवम उर्फ प्रिंस रोहटा रोड स्थित एक पब्लिक स्कूल में कक्षा आठ का छात्र है। आरोप है कि सहपाठी छात्र स्कूल की छुट्टी होने के बाद शिवम को हाईवे स्थित चंद्रिका फार्म हाउस के पास ले गया। जहां पर सहपाठी का भाई आशीष गुर्जर और एक अन्य युवक पहले से मौजूद थे।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित परिजनों का आरोप है कि सहपाठी छात्र समेत तीनों युवकों ने पहले शिवम को लाठी डंडों से पीटा और फिर गोली मार दी। जिसमें एक गोली शिवम की कमर में और दूसरी गोली रीढ़ की हड्डी में घुस गई। शिवम को खून से लथपथ देखकर आरोपी वहां से फरार हो गए।
शिवम ने किसी तरह फोन कर परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजन तुरंत ही गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे और शिवम को नजदीकी अस्पताल ले गए। कुछ देर बाद ही घायल छात्र को वहां से बागपत रोड स्थित सिरोही नर्सिंग होम में ले जाया गया। यहां से भी उसे केएमसी हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया गया।
उधर, छात्र को गोली मारने की सूचना पर कंकरखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस घायल छात्र को अस्पतालों में तलाशती रही। इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा एसके राणा का कहना है कि तहरीर पर सहपाठी और उसके भाई के खिलाफ नामजद जबकि एक अन्य अज्ञात आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।