खरखौदा में थ्री व्हीलर की साइड लगने के मामूली विवाद ने बृहस्पतिवार को कांशीराम कॉलोनी में सांप्रदायिक तनाव फैला दिया। लाठी-डंडे और हथियारों से लैस युवकों ने दूसरे समुदाय के चालक के घर हमला बोल दिया। चालक को बुरी तरह पिटता देख कॉलोनी के लोगों ने बदमाश समझकर छतों से पत्थर बरसा दिए।
इस दौरान कई राउंड फायरिंग से दहशत फैल गई। हमलावर भाग खड़े हुए। मौके पर पहुंची पुलिस ने इसे मामूली विवाद बताकर मामला निपटाने की बात कही।
हापुड़ रोड स्थित कांशीराम आवासीय कॉलोनी के गुर्जर चौक पर कालियागढ़ी निवासी रिंकू और कांशीराम कालोनी निवासी जॉनी साझे में बाइक रिपेयर की दुकान चलाते हैं।
बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे रिंकू अपनी दुकान के निकट एक ठेली पर खड़ा था, इसी बीच कांशीराम कॉलोनी निवासी सोनू पुत्र शकील का थ्रीव्हीलर रिंकू से टकरा गया। जिससे दोनों पक्ष आपस में उलझ गए। आरोप है कि सोनू और उसके साथियों ने रिंकू की पिटाई कर दी।
घटना के कुछ देर बाद रिंकू पक्ष ने अपने साथियों के साथ लाठी-डंडे और हथियार लेकर कांशीराम कॉलोनी में सोनू के मकान पर हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने मकान में जमकर तोड़फोड़ की। और सोनू को बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया।
मकान पर हमला होते देख कॉलोनीवासी समझे कि सोनू के मकान में बदमाश घुस आए हैं। उन्होंने अपने घरों की छतों पर चढ़कर हमलावर युवकों पर पथराव कर दिया। फायर भी किए गए । इस बीच बवाल की सूचना पर खरखौदा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई लेकिन जब तक हमलावर भाग चुके थे।
घटना में सोनू घायल हो गया। पुलिस ने रिंकू पक्ष के एक युवक को हिरासत में ले लिया। सोनू पक्ष ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। दो समुदाय के बीच संघर्ष होने से स्थिति तनावपूर्ण है। उधर, पुलिस का कहना है कि दो पक्षों में मारपीट हुई है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फायरिंग होने की बात गलत है।