गाजियाबाद पुलिस ने बुधवार रात सोतीगंज में वाहनों के माफिया हाजी गल्ला समेत कई कबाड़ियों के गोदामों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। पुलिस एक आरोपी को साथ लेकर आई थी। उसकी निशानदेही पर दो कबाड़ियों को गिरफ्तार कर लिया। दबिश के दौरान लोगों ने हंगामा भी किया।
गाजियाबाद की लिंक रोड थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाला एक गिरोह पकड़ा। जिसमें एक आरोपी ने बताया कि चोरी की गाड़ियों को मेरठ के सोतीगंज में बेचते हैं। आरोपी दिल्ली रोड स्थित महताब मोहल्ले का है। उसकी निशानदेही पर बुधवार देर रात गाजियाबाद पुलिस ने सोतीगंज में वाहनों के माफिया हाजी नईम उर्फ गल्ला, रहीस, इसरार, अनस और जावेद समेत कई कबाड़ियों के गोदामों पर दबिश दी।
पुलिस फोर्स देखकर लोगों ने हंगामा भी किया। इससे पहले मामला तूल पकड़ता, गाजियाबाद पुलिस ने शमशाद निवासी घंटाघर और परवेज निवासी रजबन बाजार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों आरोपियों को सिविल लाइन थाने ले आई। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी सोतीगंज में चोरी की गाड़ियां काटने का काम करते हैं। आरोपियों से चोरी की गाड़ियों के पुर्जे बरामद नहीं हुए है।
दिल्ली जेल में बंद है गल्ला
पुलिस ने बताया कि हाजी गल्ला एक सप्ताह से दिल्ली जेल में बंद है। गल्ला से भी पुलिस ने पूछताछ की है। गल्ला ने सोतीगंज में चोरी और लूट की गाड़ी काटना बताया है। पुलिस जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सोतीगंज में चोरी और लूट के वाहन कटवाने में सबसे बड़ा नाम हाजी गल्ला का ही है।