बागपत जनपद के खैला गांव में पूर्व प्रधान के बेटे विनोद की हत्या के मामले में पिता ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस आरोपियों की तलाश करने में लगी है, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। प्रधानी के चुनाव को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने कई संदिग्धों के मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लगा रखा है।
चांदीनगर थाना क्षेत्र के खैला गांव निवासी पूर्व प्रधान राजे के बेटे विनोद की गुरुवार की रात नौ बजे के लगभग घर के बाहर बुलाकर बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों को मृतक पहचानता था।
बताया गया कि घटना से पहले बदमाशों ने हाथ मिलाया और फिर गले भी लगाया। इसके बाद पिस्टल से गोली मार दी। पिता राजे ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। तहरीर में किसी से कोई रंजिश नहीं बताई। पुलिस आरोपियों का पता लगाने में जुट गई है।
प्रधानी के चुनाव को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस बिंदु पर जांच पड़ताल कर रही है। कई संदिग्ध लोगों के मोबाइल नंबर भी सर्विलांस पर लगा रखे हैं। एएसपी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि बदमाशों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस पता लगाने के प्रयास कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/