फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

परीक्षितगढ़ में दो पेट्रोल पंपों पर दिनदहाडे़ डकैती

Wed, 05 Jun 2019 03:56 AM IST
Gaurav sharma न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
सीसीटीवी की फुटेज देखती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विज्ञापन
मेरठ/परीक्षितगढ़।  बेखौफ बदमाशों ने मंगलवार दिनदहाड़े परीक्षितगढ़ में दो पेट्रोल पंपों पर डकैती की वारदात को अंजाम दे दिया। बदमाशों ने कर्मचारियों को बंधक बनाकर दोनों पेट्रोल पंपों से 1.10 लाख रुपये लूट लिए। सनसनीखेज वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक पकड़ा है, जिसने वारदात करना कबूल नहीं किया।
यह वारदात परीक्षितगढ़ थानाक्षेत्र में हुई। खानपुर गांव के समीप मंगलवार दोपहर तीन बजे दो बाइक पर पांच-छह बदमाश पंवार फिलिंग सेंटर (पेट्रोल पंप) पर पहुंचे। उन्होंने सेल्समैन बबली शर्मा और सौरभ से कैश लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने पिस्टल की बट मारकर बबली को घायल कर दिया। बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए उनसे 50 हजार रुपये लूटकर शहर की ओर फरार हो गए।
विज्ञापन

एक किमी दूर दूसरे पंप पर वारदात
बदमाशों का दुस्साहस यह रहा कि वे पंवार पेट्रोल पंप से करीब एक किलोमीटर दूर मेरठ रोड स्थित गांव इकला रसूलपुर मोड़ पर नत्थू किसान सेवा केंद्र (पेट्रोल पंप) पर पहुंचे। यहां पिस्टल से आतंकित कर सेल्समैन अरुण और विकास के साथ मारपीट कर 60 हजार रुपये लूटकर मेरठ की ओर फरार हो गए। दो पेट्रोल पंपों पर लूट की सूचना पाकर पुलिस में हड़कंप मच गया और पुलिस दोनों पेट्रोल पंपों पर पहुंची। पीड़ित सेल्समैनों को साथ लेकर आसपास बदमाशों की तलाश की।
वहीं, पुलिस ने गांव खजूरी स्थित एचडीएफसी बैंक शाखा पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे से बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया। लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी। इसी दौरान एक युवक बैंक के एटीएम से रुपये निकालने पहुंचा। वह पुलिस को देख बाइक लेकर भागने लगा। पुलिस ने संदिग्ध लगने पर उसे दबोच लिया और बाइक समेत थाने ले आए। एसपी देहात और सीओ सदर देहात ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।  एसपी देहात अविनाश पांडेय ने बताया कि संदिग्ध अर्जुन निवासी मुरादनगर को पकड़ा है। दोनोें पेट्रोल पंपों के सेल्समैन उसकी पहचान कर रहे हैं। लेकिन आरोपी अभी वारदात को कबूल नहीं रहा है। अभी जांच की जा रही है।

बदमाशों के सॉफ्ट टारगेट पर पेट्रोल पंप   
मेरठ।
पेट्रोल पंप बदमाशों का सॉफ्ट टारगेट बन गए हैं। मंगलवार दिनदहाडे़ बदमाशों ने दो पेट्रोल पंपों पर डकैती की वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी। बदमाश दिन तो कभी रात में वारदात कर आसानी से फरार हो जाते हैं और पुलिस लकीर पीटती रह जाती है। पेट्रोल पंप लूटने वाले गैंग 112 डी का सरगना आशु एक माह बाद भी पुलिस की पकड़ से कोसो दूर है।
गाजियाबाद से 12 मई को डस्टर लूटने केे बाद कविनगर थाने के गैंग 112 डी के सरगना आशु ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर पिलखुवा और फिर मेरठ मेें पेट्रोल पंप लूटा था। एक सप्ताह बाद मेरठ पुलिस ने तीन व हापुड़ पुलिस ने पांच आरोपियों को जेल भेजा था। इस दौरान खुलासा हुआ था कि आशु शातिर अपराधी है और मेरठ और बरेली जोन के कई जनपदों में पेट्रोल पंप की एक दर्जन से अधिक डकैती की घटना को अंजाम दे चुका है। तमाम प्रयास के बावजूद आशु पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। मंगलवार को दिनदहाड़े परीक्षितगढ़ में फिर गाजियाबाद के एक गैंग ने दो पेट्रोल पंपों पर डकैती की घटना कर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए है। परीक्षितगढ़ थानाक्षेत्र के मेरठ मार्ग स्थित दो पेट्रोल पंपों पर दो बाइकों पर सवार आधा दर्जन बदमाशों ने मंगलवार को दिनदहाडे़ सेल्समैनों से 1.10 लाख रुपये लूट लिये। पेट्रोल पंप के सेल्समैनों पर कहर भी बरपाया।
बदमाश वारदात, पुलिस सेटिंग करती  
मेरठ में लगातार हत्या, लूट और डकैती की वारदात का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। आपराधिक वारदात होती और पुलिस लकीर पीटती रह जाती। बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि पुलिस उनको गिरफ्तार भी नहीं कर पा रही। बड़ी वारदात में पुलिस की किरकिरी होती तो बदमाश सेटिंग करके जेल में आसानी से चले जा रहे हैं। पिछली कई बड़ी वारदात में पुलिस द्वारा बदमाशों के जेल भेजने में सेटिंग की पोल खुली है।
मोबाइल से दूरी बनाते बदमाश
अपराधी शातिर हो गए हैं। आपराधिक वारदात के दौरान बदमाश मोबाइल से दूरी बनाकर रखते हैं। जिसके चलते पुलिस का सर्विलांस सिस्टम भी बदमाशों तक पहुंचाने में कामयाब नहीं हो रहा है। बदमाश वारदात पर वारदात कर रहे हैं और पुलिस तमाशबीन है। इसको लेकर लोगों में भी पुलिस के प्रति विश्वास कम होता जा रहा है। शायद यही वजह है कि बदमाश दिनदहाड़े वारदात करने से भी नहीं डर रहे।
गाजियाबाद के गैंग पर फोकस
परीक्षितगढ़ में दो पेट्रोल पंपों पर डकैती की वारदात में गाजियाबाद के गैंग पर पुलिस का फोकस है। क्राइम ब्रांच टीम भी घटनास्थल का निरीक्षण करके आई है। पुलिस ने मुरादनगर निवासी अर्जुन को संदिग्ध मानकर पकड़ा है। जिसकी अभी जांच चल रही है। पुलिस का मानना है कि लोकल के बदमाश सटीक रैकी करते हैं और बाहरी जिलों के बदमाश वारदात।
विज्ञापन

 पुलिस को फिर एक्टिव करेंगे 
मेरठ
। परीक्षितगढ़ में दो पेट्रोल पंपों पर डकैती की वारदात को लेकर एडीजी जोन प्रशांत कुमार ने पुलिस पर नाराजगी जाहिर की है। एडीजी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में पुलिस ड्यूटी पर गई थी। चुनाव खत्म हो गया है। पुलिस को फिर से एक्टिव किया जाएगा। अपराधियों की कमर तोड़ी जाएगी। लूट और डकैती करने वाले बदमाशों पर पुलिस सबसे ज्यादा काम करेगी। पुलिस की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं होगी। पेट्रोल पंप लूटने वाले गैंग की तलाश जारी है।  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें