स्कूटी का हैंडल लगने के मामूली विवाद में लालकुर्ती में सांप्रदायिक तनाव फैल गया। दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों के बीच जमकर मारपीट और हंगामा हो गया। लालकुर्ती पुलिस ने झगड़ने वाले दोनों लोगों को हिरासत में लेते हुए क्षेत्र में फोर्स तैनात कर दी है।
पुलिस के अनुसार लालकुर्ती क्षेत्र अंतर्गत छोटा बाजार निवासी शलभ अरोड़ा पुत्र सुदेश अरोड़ा अपने घर से स्कूटी निकाल रहा था। इसी बीच हाथी खाना निवासी अतीक पुत्र शफीक पठान वहां से गुजर रहा था। गली छोटी होने के कारण शलभ की स्कूटी का हैंडल अतीक के हाथ में लग गया। जिसे लेकर दोनों के बीच नोकझोंक हो गई।
यह मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते यह दो समुदाय के बीच का विवाद होने की बात फैलते ही दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में मारपीट और भीड़ जुटने की सूचना पर पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।
एसओ लालकुर्ती पीके त्रिपाठी फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे और लाठी फटकारकर भीड़ को तितर-बितर कर दिया। पुलिस शलभ और अतीक को थाने ले आई। दोनों के खिलाफ शांति भंग करने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। एसओ का कहना है कि स्कूटी का हैंडल लगने का मामूली विवाद था। लोगों को समझाकर शांत कराकर फोर्स तैनात की गई है।