ढाई लाख के इनामी बद्दो का कनेक्शन जुड़ते ही पुलिस सक्रिय
दोहरे हत्याकांड में नामजद विनय त्यागी और उसके भाई मोनू त्यागी का कनेक्शन ढाई लाख के इनामी बद्दो से जुड़ने की बात सामने आते ही पुलिस सक्रिय हो गई है। अब मामले की जांच एसपी क्राइम को सौंपी गई है। बद्दो की तलाश में क्राइम ब्रांच पहले से ही है। बद्दो से जुडे़ लोगों में पुलिस ने विनय का नाम भी शामिल किया है।
तीन दिन पहले प्रकाशक योगेंद्र भारद्वाज एसएसपी से मिले। उन्होंने एक शिकायती पत्र देकर कहा कि नेताओं के दबाव में छह साल से उनके भाई राजीव की हत्या का मामला दर्ज नहीं हुआ। आरोपी उनके भाई की हत्या करना कबूल कर चुके हैं। इसके बावजूद पुलिस मानने को तैयार नहीं है। योगेंद्र ने कहा कि विनय त्यागी सत्ताधारी नेताओं के साथ रहता है। उसके नेताओं का संरक्षण प्राप्त है। शिकायती पत्र में पूर्व ब्लॉक प्रमुख के मोस्ट वांटेड बद्दो से संबंध होना लिखा था। इसके चलते एसएसपी ने पूरी जानकारी ली और मुकदमा दर्ज कराया।
यह भी पढ़ें: बड़ी कार्रवाई: कबाड़ी हाजी गल्ला की पांच करोड़ की संपत्ति जब्त, मुनादी के बाद अफसरों ने लगाई मकान-गोदाम पर सील
योगेन्द्र ने अपने भाई के लापता होने के बाद पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को दिए शिकायती पत्र दिखाए। कोर्ट में भी अपील करने की बात कहीं। सारे शिकायती पत्र एसएसपी ने पढ़े। योगेंद्र ने यह बताया कि देहरादून के प्रेमनगर थाने की जीडी की कॉपी भी मेरठ पुलिस को दी है। जीडी में लिखा गया था कि विनय त्यागी ने कुबूल किया है कि कुख्यात प्रवीण शर्मा व राजीव की हत्या कर दी। इसके बाद उसने प्रवीण का शव गढ़ रोड स्थित काली नदी में पत्थर से बांधकर फेंक दिया था।