दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता पर केरोसिन छिड़ककर आग लगा दी। विवाहिता जलती हुई सड़क पर आ गई। लोगों ने किसी तरह आग बुझाकर परिजनों को जानकारी दी। परिजनों से उसे गंभीर हालत में दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। विवाहिता के भाई ने ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर दी है।
फलावदा कस्बा निवासी फरजाना (26) का निकाह 2014 में लावड़ निवासी एक युवक से हुआ था। विवाहिता के भाई शाकिर का आरोप है कि ससुराल वाले दहेज में एक लाख रुपये और कार की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर फरजाना को प्रताड़ित करते थे।
आरोप है कि शुक्रवार रात ससुराल वालों ने फरजाना से मारपीट की और केरोसिन छिड़ककर आग लगा दी। इस पर फरजाना जान बचाने के लिए दौड़कर सड़क पर आ गई। लोगों ने किसी तरह आग बुझाई। वहीं परिजनों ने विवाहिता को दिल्ली में निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शाकिर ने इंचौली थाने में पति, ससुर, सास, जेठ, जेठानी तथा एक अन्य के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं एसओ इंचौली उमेश चंद पचौरी का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।