मंगेतर के लिव इन रिलेशनशिप में होने का पर्दाफाश होने पर एक युवती ने शादी से इनकार कर दिया। अब एक ओर जहां लड़के वाले सगाई में दिए गए सामान और कैश लौटाने में आनाकानी कर रहे हैं, वहीं गेस्ट हाउस और खाना पकाने वाले लोग युवती के घरवालों से भुगतान मांग रहे हैं। इससे युवती और उसके परिजन परेशान हैं।
एसएसपी के आदेश के बावजूद नजीराबाद पुलिस ने पीड़ित परिवार को टरका दिया। नेहरू नगर में प्राइवेट नौकरी करने वाले एक शख्स की बेटी की शादी खुर्जा बुलंदशहर के संजय से तय हुई थी। संजय गुड़गांव में एक बिल्डर के अंडर में काम करता है। 1 जनवरी को युवती की संजय के संग सगाई हुई थी। तीन लाख रुपये कैश के अलावा कुछ सामान भी युवती के घरवालों ने संजय के परिजनों को दिया था। 10 जुलाई को शादी की तारीख तय हुई। युवती के घरवालों ने शादी की तैयारियां पूरी कर लीं।
6 जुलाई को युवती और उसके परिवार की खुशियां उस वक्त काफूर हो गईं जब गुड़गांव की एक लड़की सोनिया सरकार युवती के बहनोई के घर किदवई नगर पहुंची। उसने बताया कि संजय और वह पिछले तीन साल से लिव इन रिलेशनशिप में रहते हैं। युवती के पिता ने बताया कि उन्होंने गुड़गांव और खुर्जा जाकर सोनिया की बातों को तस्दीक किया तो वे सही निकलीं। इसके बाद शादी से इनकार कर दिया।
अब संजय के परिजन दहेज में दिए गए कैश और सामान नहीं लौटा रहे है। एसएसपी के आदेश पर भी नजीराबाद एसओ ने रिपोर्ट नहीं लिखी। एसओ के मुताबिक युवती का मामला बुलंदशहर से जुड़ा है। इसलिए परिजनों को वहीं पर रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा है।
दहेज पर हुई चकचक दुल्हन मंडप से उठी
रनियां। कसबे में आई एक बारात दुल्हन ने मंडप से लौटा दी। चढ़ावे पर सामान कम मिलने पर वर-वधू पक्ष में चकचक हो रही थी। इसी से तमतमाई युवती ने शादी से इनकार कर दिया। काफी कहासुनी के बाद पंचायत बैठी जिसमें सामान वापस लेने पर समझौता हुआ और बारात लौट गई।
अकबरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक की शादी शिवली निवासी एक युवती संग तय हुई थी। युवती के परिवारवालों ने उसकी शादी का कार्यक्रम रनिया के देविनपुरवा मोहल्ला निवासी उसके मामा के घर पर रखा था। शुक्रवार को निर्धारित समय पर वर पक्ष के लोग बारात लेकर आए। जयमाल के वक्त वीडियोग्राफर न होने से दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, लेकिन जैसे-तैसे रस्म पूरी की गई।
फिर मंडप पर चढ़ावा चढ़ाते समय फिर से विवाद शुरू हो गया। इस बीच युवती भड़क गई और उसने शादी करने से इनकार कर दिया। चौकी पुलिस ने इस तरह के घटनाक्रम से इनकार किया है।
हर्ष फायरिंग में दूल्हे के बहनोई की मौत
कानपुर। चौबेपुर के केउना गांव में शादी समारोह के दौरान शनिवार देर रात हर्ष फायरिंग से दूल्हे के बहनोई की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों को हैलट में भर्ती कराया गया है। दूल्हे के परिजनों के मुताबिक दुल्हन पक्ष से किसी रिश्तेदार ने फायरिंग की थी। पुलिस ने बताया कि मैनपुरी सोनाई निवासी और दिल्ली में सिक्योरिटी एजेंसी में काम करने विपेंद्र सिंह (32) शनिवार रात अपने साले शिव प्रताप उर्फराहुल की शादी में शामिल होने के लिए चौबेपुर के केउना गांव आए हुए थे।
जयमाल के दौरान जब सारे रिश्तेदार मंच पर थे, तभी सामने खड़े एक शख्स ने हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली विपेंद्र की पीठ को चीरते हुए निकल गई, जबकि पास खड़े राहुल के दोस्त जगत तिवारी व एक अन्य को भी घायल हो गए। समारोह में चीख पुकार मच गई। आनन-फानन में राहुल जीजा विपेंद्र और घायलों को लेकर हैलट पहुंचा। जहां विपेंद्र को मृत घोषित कर दिया गया। घायलों को भर्ती कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि फायरिंग करने वाले का पता किया जा रहा है।