फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली के बदमाशों में गोलीबारी, एक युवक की मौत, दूसरे को लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार

Fri, 31 Jan 2020 12:06 AM IST
कपिल kapil न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
इंस्पेक्टर से जानकारी लेते एसएसपी अजय साहनी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मेरठ जनपद में कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के पावली खुर्द गांव में बृहस्पतिवार रात दिल्ली के बदमाशों के बीच गैंगवार में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों लोगों को लहूलुहान हालत में छोड़कर उनके साथी फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने भतीजे को मृत घोषित कर दिया। जबकि चाचा का उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

विज्ञापन


एसपी सिटी डॉ. एएन सिंह के मुताबिक दिल्ली का शातिर बदमाश शक्ति नायडू अपने साथी हनी, तिलक राज समेत चार साथियों के साथ कंकरखेड़ा के पावली खुर्द गांव में प्रॉपर्टी डीलर रितुराज सिंह के यहां पर आए थे। रितुराज का पल्लवपुरम में प्रापर्टी डीलिंग का ऑफिस है। गांव के बाहर सड़क पर शक्ति नायडू, रितुराज और उसके साथी आपस में बात कर रहे थे। उनकी ईको स्पोर्ट्स गाड़ी में ड्राइविंग सीट पर हनी और उसके बगल में उसका चाचा तिलक राज बैठा हुआ था। इसी दौरान बदमाशों में किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद फायरिंग हो गई।

गोलीबारी में हनी को सिर और गर्दन में तीन गोलियां लगीं जबकि तिलक राज के हाथ और पैर में दो गोलियां लगीं। गोलियां चलते ही रितुराज, शक्ति नायडू और अज्ञात लोग वहां से फरार हो गए। सूचना पर कंकरखेड़ा पुलिस के अलावा सीओ और एसएसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि हनी की मौके पर ही मौत हो गई थी। तिलकराज के पास पिस्टल और कारतूस मिले हैं।
विज्ञापन


यह भी पढ़ें: यूपी: डकैती का चौंकाने वाला खुलासा, सच्चाई से अफसर भी हैरान, महिला सहित नौ बदमाश गिरफ्तार

विज्ञापन

शक्ति नायडू ने मारी चाचा भतीजे को गोली

गोली लगने में घायल तिलकराज कंकरखेड़ा स्थित कैलाशी हास्पिटल में भर्ती है। एसएसपी और एसपी सिटी ने तिलकराज से पूछताछ की। उसने बताया कि शक्ति नायडू ने उसके भतीजे हनी और उसे गोली मारी थी। शक्ति नायडू को मुजफ्फरनगर में एक युवक की हत्या करनी थी। जिसको लेकर वह मेरठ में आया था। इसकी जानकारी के बाद पुलिस मुजफ्फरनगर के लिये रवाना हो गई। 

पुलिस का कहना है कि आरोपी शातिर अपराधी है व हत्या की सुपारी लेता है। देर रात तक पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी रही। एसएसपी अजय साहनी का कहना है कि बदमाशों के बीच आपस में गोलियां चली थीं। जिसमें एक युवक की मौत हो गई है। किस बात पर बदमाशों में विवाद हुआ है, इसकी जांच पड़ताल की जा रही है। मेरठ में बदमाश प्रापर्टी डीलर के पास क्या करने आए थे और उनका यहां क्या कनेक्शन है, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस को अंदेशा है कि चाचा और भतीजे में गोलियां चलीं, जिसमें भतीजे की मौत हो गई। पुलिस इस पूरे मामले में प्रॉपर्टी को लेकर हुए विवाद को लेकर भी जांच कर रही है।

नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।

शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें


https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें