पूर्व सपा नेता समेत पांच जुआ खेलते गिरफ्तार
मेरठ। टीपी नगर पुलिस ने दिल्ली रोड स्थित एक होटल में छापा मारकर जुआ खेलते पांच लोगों को पकड़ा है। पकडे़ गए लोगों में पूर्व सपा नेता भी शामिल है।
शुक्रवार को पुलिस लाइन में पत्रकार वार्ता करते हुए एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि सीओ ब्रह्मपुरी के नेतृत्व में टीपी नगर पुलिस ने बृहस्पतिवार रात होटल ढाबों में चेकिंग अभियान चलाया। टीपी नगर इंस्पेक्टर ब्रजेश शर्मा की टीम ने दिल्ली रोड स्थित एक होटल में चेकिंग की। वहां एक कमरे में शराब की महफिल जमी थी। पांच युवक जुआ खेल रहे थे। पुलिस को देख उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन पांचों को दबोच लिया गया। इनमें कोतवाली क्षेत्र के कागजी बाजार निवासी बिट्टू, शिव शक्ति नगर ब्रह्मपुरी निवासी मोहित, ठठेरवाड़ा निवासी मोहित, सराफा बाजार नील की गली निवासी आसिफ और पूर्व सपा नेता अरशद शामिल है। इनके पास से 2.02 लाख की नगदी, पांच मोबाइल और ताश बरामद हुए हैं।
सपा नेताओं के साथ फोटो वायरल
पुलिस द्वारा अरशद के पकड़े जाने के बाद उसके फोटो वायरल हुए हैं। इन फोटो में वह पूर्व सीएम अखिलेश यादव, सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के साथ अलग-अलग कार्यक्रमों में नजर आ रहा है। चर्चा है कि ये फोटो उसी ने फेसबुक पर डाले हैं । चर्चा थी कि अरशद के पास सपा युवजन सभा में अच्छा पद था और वह भी सपा के बडे़ नेताओं से नजदीकियों का दम भरता था। जमीनों की खरीद फरोख्त के घपलों के मामले में भी वह सुर्खियों में रहा था। दिल्ली में भी उस पर मामले बताए जा रहे हैं।
सपा ने कोई लेना देना नहीं
सपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह ने बताया कि अरशद का सपा से कोई लेना देना नहीं है। उसे काफी पहले पार्टी से निकाला जा चुका है। कई साल से तो उन्होंने भी उसे पार्टी के किसी आयोजन में नहीं देखा।
खास बात
दिल्ली रोड स्थित एक होटल में बृहस्पतिवार रात पुलिस ने मारा छापा