दो बहनों से छेड़छाड़, दी तेजाब डालने की धमकी
नगर की एक कालोनी में बुधवार सुबह मनचलों ने दो सगी बहनों से छेड़छाड़ की और विरोध करने पर उन्हें पीटा। इतना ही नहीं पुलिस से शिकायत करने पर युवकों ने उनके चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी दी है। धमकी के बाद से युवतियां दहशत में हैं। उन्होंने पुलिस को तहरीर दी है।
कालोनी निवासी दो सगी बहनें सुबह किसी काम से जा रही थी। घर से थोड़ी दूर दो मनचलों ने उनका रास्ता रोक लिया और छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। जब युवतियों ने विरोध किया तो युवकों ने उनके साथ अभद्रता और मारपीट की।
युवतियों का कहना है कि जाते समय मनचलों ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस में शिकायत की तो वे तेजाब डालकर चेहरे बिगाड़ देंगे। युवतियों ने बताया कि युवक काफी समय से परेशान कर रहे हैं। वह आते-जाते वक्त पत्थर फेंककर मारते हैं। युवतियों की शिकायत पर पुलिस मनचलों की तलाश में लगी है।