08 कुख्यात बदमाश फरार चल रहे लंबे समय से
05 हजार से ढाई लाख रुपये तक है इनकी गिरफ्तारी पर इनाम
- फरारी के चंद दिनों बाद कमजोर पड़ जाता है पुलिस का टास्क मैनेजमेंट
- पुलिस को खुली चुनौती देकर मौज काट रहे है शातिर अपराधी
मेरठ। कहते हैं कि कानून के हाथ बहुत लंबे होते हैं। लेकिन मेरठ जिले से पुलिस कस्टडी से फरार आठ कुख्यातों को पकड़ने में कानून के हाथ बहुत छोटे पड़ गए हैं। यूं कहें कि इन शातिरों के सामने पुलिस एक तरह से फेल साबित हो चुकी है। कुछ दिनों तक पुलिस की टीमें हाथ पैर मारती हैं। लेकिन फिर उनका टास्क मैनेजमेंट कमजोर पड़ जाता है।
मेरठ जोन के नौ जिलों की बात करें तो साल 2014 से 18 अपराधी पुलिस कस्टडी से फरार चल रहे हैं। जिसमें अकेले मेरठ जिले से आठ अपराधी हैं। इनमें ताजा मामला कुख्यात बदन सिंह बद्दो का है। इन बदमाशों का पुलिस नेटवर्क तक नहीं तलाश पाई है। पुलिस दावा करती है कि फरार अपराधियों की तलाश में चार-पांच टीमें लगी हैं। लेकिन यह झूठ साबित होता है। पेशी के दौरान लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों को जेल जाना पड़ता है। केस दर्ज होता है। पुलिस की किरकिरी होती है। लेकिन फरार बंदी मौज काट रहा होता है। वहीं, जिन पीड़ितों को ऐसे बदमाशों से खतरा होता है, उनके लिए हर पल दहशत में बीतता है। सुरक्षा की गुहार लगाने वाले पीड़ितों को केवल आश्वासन ही मिलता है।
मेरठ बना फरारी का सेफ अड्डा
मेरठ जिला की फरारी का सेफ अड्डा बन गया है। होटल, ढाबे, कचहरी, मेडिकल कॉलेज या फिर रास्ते से बंदी आसानी से फरार हो चुके हैं। बागपत और बुलंदशहर से पेशी पर आए बंदी भी यहां से फरार हुए हैं।
ये बंदी हो चुके फरार
तारीख नाम कहां से इनाम
20 दिसंबर 2014 सुनील पुत्र जगवीर सिंह निवासी सिनौली बागपत सदर बाजार 5000
17 नवंबर 2014 विनय उर्फ छोटू पुत्र ईश कुमार निवासी दबथुआ सरधना सदर बाजार 5000
09 जनवरी 2015 मोनू पुत्र कालीचरण निवासी अछरौंडा परतापुर पुलिस लाइन 25000
26 सितंबर2015 नजाकत उर्फ पप्पू पुत्र सफाकत निवासी बनिया वाला खेत रशीदनगर ब्रह्मपुरी कचहरी 50000
28 अगस्त 2017 संदीप कुमार पुत्र रंजू निवासी अब्दुल्लापुर जेल परिसर (मेडिकल) 5000
26 नवंबर 2015 आदित्य पुत्र कैलाश निवासी हलपुरा अरनिया बुलंदशहर मेडिकल अस्पताल 25000
25 अप्रैल 2013 इरफान पुत्र अय्यूब निवासी हर्रा सरूरपुर मेडिकल अस्पताल 25000
28 मार्च 2019 बदन सिंह बद्दो पुत्र चरणसिंह निवासी बेरीपुरा टीपीनगर होटल मुकुट महल 250000
जोन से फरार अपराधी
बुलंदशहर से विनोद शर्मा, शाहनवाज, सुखदेव, सांवल उर्फ सुनील, गाजियाबाद से रोहित, सहारनपुर से वाजिद उर्फ काला, दानिश, बिरजु उर्फ ब्रजपाल, मुजफ्फरनगर से अजेंद्र, हापुड़ से रनदीप सिंह उर्फ राजा फरार हैं।
लगी हैं पुलिस टीम
कस्टडी से फरार सभी आरोपियों की तलाश में टीमें लगी हैं। शातिर बदन सिंह बद्दो समेत कई अपराधियों को ढूंढने के लिए एसटीएफ भी लगी है। अपराधी को देखते हुए इनाम किया गया है। संबंधित जिले के एसएसपी से इसकी जानकारी भी ली जाती है। -प्रशांत कुमार, एडीजी मेरठ जोन