मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र के एक पब्लिक स्कूल में बुधवार दोपहर कक्षा दो की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात हो गई। आक्रोशित परिजनों और सैकड़ों लोगों ने स्कूल में तोड़फोड़ और आगजनी कर दी। प्रधानाचार्य और उप प्रधानाचार्य को पुलिस के सामने पीटा। गढ़ रोड पर रात तक कई बार जाम लगाकर वाहनों पर पथराव कर तोड़फोड़ की। पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा। थाने में भी जमकर बखेड़ा हुआ। एसपी सिटी के अनुसार इस मामले में एक छात्र और एक अज्ञात पर गैंगरेप और पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार नौचंदी थाना क्षेत्र निवासी करीब सात वर्षीय पीड़ित छात्रा नौचंदी फूलबाग कॉलोनी स्थित डेफोडिल पब्लिक स्कूल में कक्षा दो की छात्रा है। उसका भाई भी इसी स्कूल में कक्षा चार में पढ़ता है। दोपहर छुट्टी के बाद बच्ची घर पहुंची तो उसकी तबियत बिगड़ गई। परिजनों के पूछने पर बच्ची ने रोते हुए बताया कि उसे टॉफी देकर स्कूल के बाथरूम में ले जाकर गलत काम किया गया। परिजन बच्ची को एक निजी चिकित्सक के पास लेकर गए तो चिकित्सक ने बच्ची के साथ गलत काम होने की पुष्टि की। जिसके बाद गुस्साए परिजनों और आसपास के सैकड़ों लोगों ने स्कूल पर धावा बोल दिया।
भीड़ ने स्कूल कार्यालय और कक्षाओं में तोड़फोड़ कर आग लगा ली। भीड़ का आक्रोश देखकर स्कूल स्टाफ ने खुद को कमरों में बंद कर लिया। सूचना पर नौचंदी पुलिस पहुंची। इस बीच भीड़ ने गली में स्कूल की प्रधानाचार्य और उप प्रधानाचार्य को पकड़कर पुलिस के सामने ही पीटना शुरू कर दिया। पुलिस ने दोनों को किसी तरह छुड़ाकर जीप में बैठाया तो भीड़ ने जीप घेरकर दोनों को हवाले करने की मांग की। लेकिन पुलिस पूछताछ कर आरोपियों का पता लगाने की बात कहकर दोनों को थाने ले गई।
भीड़ जब थाने पहुंची तो वहां इन दोनों के न मिलने पर फिर भड़क गई। पुलिस पर मामला दबाने और आरोपियों का बचाव करने की बात कहकर हंगामा शुरू कर दिया। इस बीच शोर मचा कि आरोपी दूसरे समुदाय से हैं, जिस पर भीड़ ने हंस चौराहा और गांधी आश्रम चौराहे पर जाम लगाकर वाहनों पर पथराव और तोड़फोड़ कर दी। थाने पहुंचे विधायक सोमेंद्र तोमर, भाजपा महानगर अध्यक्ष करूणेश नंदन गर्ग, बजरंग दल के प्रांतीय संयोजक बलराज डूूंगर, एबीवीपी के प्रदेश संपर्क प्रमुख अंशुल गुप्ता आदि ने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। एसपी सिटी मान सिंह चौहान के अनुसार केस दर्ज कर लिया गया है। मेडिकल परीक्षण में बच्ची से दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। स्कूल की प्रधानाचार्य और उप प्रधानाचार्या से पूछताछ कर आरोपियों का पता लगाने की कोशिश हो रही है। जिसके बाद भीड़ ने फिर हंस चौराहा पर जाम लगाकर वाहनों पर पथराव कर दिया। रात करीब आठ बजे पुलिस ने लाठी फटकारकर भीड़ को हटाया।
12 नामजद, 150 अज्ञात पर मुकदमा
मेरठ। देर रात एसपी सिटी ने बताया कि इस संबंध में स्कूल में तोड़फोड़, आगजनी, मारपीट, सड़कों पर जाम लगाने, वाहनों पर पथराव और सरकारी कार्य में बाधा डालने के दो मुकदमे थाना नौचंदी पर दर्ज कराए गए हैं। जिनमें 12 लोग नामजद और 150 लोग अज्ञात हैं। इनमें एक मुकदमा स्कूल की प्रधानाचार्य और दूसरा पुलिस की तरफ से दर्ज हुआ है।
खास बात
नौचंदी फूलबाग कॉलोनी स्थित डेफोडिल पब्लिक स्कूल में बुधवार दोपहर सनसनीखेज वारदात
गुस्साई भीड़ ने स्कूल में की तोड़फोड़, आगजनी, प्रधानाचार्य और उप प्रधानाचार्य को पीटा
गढ़ रोड पर रात तक कई बार लगाया जाम, पथराव कर वाहनों में तोड़फोड़, लाठीचार्ज