अमर उजाला ब्यूरो
सरधना। कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार सुबह साढे़ तीन माह पूर्व मोहल्ला घोसियान निवासी एडवोकेट इमरान मर्डर के तीन आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने एक हत्यारोपी के कब्जे से पिस्टल तथा दूसरे से तमंचा एवं कारतूस बरामद किए। उनको दोपहर बाद जेल भेज दिया।
मोहल्ला घोसियान निवासी एडवोकेट इमरान पुत्र शेरद्दीन की बीती 31 अक्तूबर को हत्या कर दी थी। इसके पीछे प्लाट का विवाद था। बबलू की विधवा सोनिया पर इमरान को बुलाकर हत्या कराने का आरोप लगाया था। एडवोकेट इमरान की पत्नी आयशा ने 11 लोगों के खिलाफ मुुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस तीन हत्यारोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी थी। एसएसपी अखिलेश कुमार द्वारा फरार आरोपियों 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। पुलिस ने नगर में फरार चारों आरोपियों के पोस्टर भी चस्पा करा दिए थे। जिसमें बुधवार सुबह पुलिस ने मुखबिर की सूचना पाकर इनामी तीन हत्यारोपी हथियार समेत सरधना गंगनहर पुल के निकट से दबोच लिये। इनमें उमर पुत्र असलम, अकबर पुत्र मुन्त्याज एवं बबलू की विधवा सोनिया भी थी। टीम में इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल, एसएसआई मनोज कुमार शर्मा, हेड कांस्टेबल पुष्पेंद्र शुक्ला, महिला कांस्टेबल वीकू शामिल रहे। कोतवाली पर सीओ संतोष कुमार सिंह व इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने तीनों हत्यारोपियों को जेल भेज दिया।