मेरठ। कानपुर निवासी बदमाश अर्जुन और रोहित मेरठ में करीब छह माह में 55 से ज्यादा लूट की वारदातें कर चुके थे। बुलंदशहर और हापुड़ में भी कई घटनाएं कीं। बृहस्पतिवार को जिले के कई थानों की पुलिस ने नौचंदी थाने पहुंचकर अपने क्षेत्र में हुईं घटनाओं की जानकारी दी। देर शाम तक दोनों बदमाशों के खिलाफ लूट के 55 केसों में लिखापढ़ी कर इनके नाम ही सारी घटनाएं खोल दी गईं।
बुधवार रात नौचंदी मैदान के पास मुठभेड़ में अर्जुन और रोहित के पैरों में गोली लगी थी, जबकि इनके दो साथी फरार हो गए थे। दोनों बदमाशों का मेडिकल अस्पताल में इलाज चल रहा है। बृहस्पतिवार को थाना नौचंदी पहुंची कंकरखेड़ा, गंगानगर, लिसाड़ी गेट, मेडिकल आदि थानों की पुलिस ने कई घटनाओं की सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पेश की। जिनमें बदमाश अर्जुन और रोहित वारदात करते समय कैद होना बताए गए। फुटेज के आधार पर लूट की 55 वारदातों की लिखापढ़ी कर उन्हें वर्कआउट कर लिया गया।
पब्लिक ने नहीं की मदद
पुलिस के अनुसार लिसाड़ी गेट इलाके में करीब 15 दिन पहले स्कूटी से दोनों बदमाशों ने एक लाख रुपये उड़ाए थे। दोनों बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए थे। वारदात के दौरान कई लोग उनको देख रहे थे। इस दौरान रोहित का मोबाइल फोन भी जमीन पर गिर गया था। जिसे एक युवक उठाकर ले जाता दिखाई दिया। फुटेज के अनुसार पुलिस जब मौके पर पहुंची तो किसी ने बदमाशों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। न ही बदमाश के गिरे मोबाइल फोन के बारे में कुछ बताया।
दोनों जिलों को भेजी रिपोर्ट
पुलिस अफसरों के अनुसार दोनों आरोपी वर्तमान में अलीगढ़ में रह रहे थे। बुलंदशहर और हापुड़ में इन बदमाशों ने लूट की कई वारदातें करना बताया है। जिसकी रिपोर्ट दोनों जिलों में भेज दी गई है। शुक्रवार को दोनों जिले की पुलिस मेरठ आकर आरोपियों की पहचान करेगी। एसपी सिटी मानसिंह चौहान का कहना कि पुलिस जल्द ही इन बदमाशों के फरार साथियों दिनेश और अमित को भी गिरफ्तार कर लेगी। दोनों की तलाश में क्राइम ब्रांच की टीम लगी है।
थाने के सामने लूटा था जियो का आउटलेट
कंकरखेड़ा। कंकरखेड़ा थाने के सामने स्थित जियो कंपनी के आउटलेट की इन बदमाशों ने तीन दिन रैकी की थी। बदमाश रोहित और अर्जुन खरीदारी के बहाने आउटलेट पर पहुंचे थे और कैश जमा होने का जायजा लिया था। जिसके बाद 13 नवंबर की सुबह नौ बजे आउटलेट खुलते ही संचालक विपुल पंवार को गन प्वाइंट पर लेकर 1.20 लाख रुपये लूट लिए थे।
खास बात
- नौचंदी मैदान में बुधवार रात हुई मुठभेड़ में पकड़े गए थे दो बदमाश
- बुलंदशहर और हापुड़ में भी कीं घटनाएं, कई थानों की पुलिस ने की पूछताछ
- मेरठ पुलिस ने दोनों बदमाशों के नाम पर खोल दीं लूटपाट की 55 घटनाएं