कंकरखेड़ा/मेरठ। भजनपुरा दिल्ली निवासी 70 वर्षीय राधेश्याम सोनी के हत्यारों का पुलिस सुराग नहीं लगा पाई। राधेध्याम का शव मंगलवार सुबह हाईवे पर शोभापुर गांव के पास सड़क किनारे अधजली हालत में मिला था। कंकरखेड़ा पुलिस इसे हादसा जताने में जुटी थी। लेकिन सीओ दौराला की फटकार के बाद अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था।
पुलिस हत्यारों का पता लगाना तो दूर यह भी पता नहीं लगा पाई कि हत्या का कारण क्या हो सकता है। हत्या हाईवे पर ही हुई या फिर कहीं ओर हत्या करके शव को यहां पर फेंककर जलाया गया। वहीं, परिजन किसी भी तरह की रंजिश होने से भी इंकार कर रहे हैं।
पोस्टमार्टम में हुई देरी
परिजनों ने बताया कि शुरुआत से ही पुलिस हत्या को सड़क हादसा बताकर कार्रवाई करने से कतरा रही थी। तहरीर देने के बाद भी मंगलवार देर शाम पुलिस ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। काफी देर लगाने की वजह से मंगलवार को वृद्ध के शव का पोस्टमार्टम नहीं हुआ। बुधवार दोपहर तीन बजे के बाद पोस्टमार्टम हुआ तो देर शाम परिजन शव लेकर निकले। गमगीन माहौल में वृद्ध के शव के अंतिम संस्कार किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई है।