शूटर प्रकाशो तोमर की बेटी से बिल्डर ने किया 50 लाख का फर्जीवाडा
बिल्डर व उसके बाउंसरों ने की परिजनों से अभद्रता, पीड़िता ने दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
कंकरखेड़ा (मेरठ)। बागपत की इंटरनेशनल शूटर प्रकाशे तोमर की बेटी से फ्लैट के नाम पर 50 लाख रुपए से अधिक का फर्जीवाड़ा करने का मामला प्रकाश में आया है। शूटर की बेटी ने आरोपी बिल्डर के खिलाफ तहरीर दी है।
कुसुम देवी पत्नी सुभाष बालियान निवासी गांव काकड़ा मुजफ्फरनगर ने बताया कि उनके पति हिंदुस्तान ऐरोनॉटिक्स में मास्टर टेक्नीशियन हैं। वर्तमान में नासिक (महाराष्ट्र ) में तैनात हैं। वह मूल रूप से बागपत निवासी हैं। उनकी मां प्रकाशो तोमर इंटरनेशनल शूटर रह चुकी हैं। कुसुम ने बताया कि साल 2015 में उन्होंने नेशनल हाईवे स्थित एक कॉलोनी में 50 लाख रुपये में डुप्लेक्स फ्लैट खरीदा था। जिसमें बिल्डर ने उस वक्त तय किया था कि वह प्लॉट की रजिस्ट्री तो अभी करा देगा। लेकिन फ्लैट की रजिस्ट्री बाद में कराकर देगा। लेकिन आरोपी ने फ्लैट की रजिस्ट्री नहीं की।
शनिवार को कुसुम देवी, अपनी मां प्रकाशो तोमर और अन्य परिजनों के साथ बिल्डर के ऑफिस में पहुंचीं और बैनामे के बारे में पूछा। आरोप है कि बिल्डर ने उनके साथ अभद्रता की और अपने बाउंसरों से ऑफिस से बाहर निकलवा दिया। पीड़िता ने बताया कि वह आरोपी बिल्डर को करीब 52 लाख रुपये दे चुकी हैं। बावजूद इसके आरोपी फ्लैट का बैनामा कराने को तैयार नहीं है। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। इंस्पेक्टर एपी मिश्रा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों को रविवार को थाने बुलाया गया है।