अमर उजाला ब्यूरो
मवाना। नगर की गुड़ मंडी स्थित एक किराना व्यापारी की दुकान की खिड़की तोड़कर बृहस्पतिवार देर रात चोरों ने लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। शुक्रवार सुबह पीड़ित को मामले की जानकारी हुई। वहीं, पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर जानकारी ली।
मोहल्ला मुन्नालाल निवासी अक्षय जैन पुत्र धर्मवीर गुड़ मंडी में मैसर्स पदम प्रसाद जैन के नाम से किराने के थोक विक्रेता हैं। पीड़ित ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात वह दुकान बंद करके अपने घर लौट गया। वह शुक्रवार सुबह दुकान पर पहुंचा तो सामान इधर-उधर पड़ा देखा। दुकान की खिड़की टूटी हुई थी और दुकान से लाखों रुपये का सामान चोरी हो चुका था। पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। पीड़ित ने बताया कि चोर दुकान से लाखों रुपये की सिगरेट व गल्ले में रखे लगभग नौ हजार रुपये चोरी करके ले गए। पीड़ित ने घटना की तहरीर थाने में दी है। वहीं, इस बाबत थाना प्रभारी मनीष बिष्ट का कहना है कि चोरों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।
नर्सरी से लाखों के पेड़ काटे
मवाना। मखदूमपुर नहर के समीप स्थित एक नर्सरी से चोरों ने लाखों रुपये की कीमत के पेड़ काट लिये। शुक्रवार को मामले की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने थाने पहुंचकर तहरीर दी।
नगर के मोहल्ला तिहाई निवासी डॉ. आरयू खान पुत्र इरशाद अली ने बताया कि मखदूमपुर रोड स्थित नहर के समीप उसकी नर्सरी है। पीड़ित ने बताया कि उसकी नर्सरी में लाखों रुपये कीमत के सागौन के पेड़ खड़े हुए थे। बृहस्पतिवार देर रात चोरों ने नर्सरी में खड़े लगभग एक लाख रुपये कीमत के पेड़ काट लिये। शुक्रवार को मामले की जानकारी मिलने पर वह नर्सरी पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। इस पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। उधर, थाना प्रभारी मनीष बिष्ट का कहना है कि चोरों की तलाश की जा रही है।