एनएच-58 हाईवे स्थित गेहूं के खेत में मिला अधजला शव, नहीं हुई शनाख्त
मेरठ/कंकरखेड़ा। एनएच-58 हाईवे पर गेहूं के खेत में एक युवक का अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की, लेकिन शव की शनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस का अंदेशा है कि युवक की बेरहमी से पीट पीट कर हत्या की और फिर पहचान छुपाने के लिए उसके शव को जलाया गया। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भिजवाया है।
जानकारी के मुताबिक नेशनल हाईवे स्थित यूवी क्लब के सामने एक कॉलोनी के पास लोगों ने एक युवक का अधजला शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर एसपी सिटी अखिलेश नारायण, सीओ दौराला जितेंद्र सरगम व इंस्पेक्टर एपी मिश्रा मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों से पूछताछ की, लेकिन शव की शनाख्त नहीं हो पाई। इंस्पेक्टर का कहना है कि मामले में पुलिस ने अपनी ओर से अज्ञात में केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि प्रथमदृष्टया लग रहा है कि युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या की गई है। उसके चेहरे व शरीर पर चोटों के निशान थे। आरोपियों ने पहचान मिटाने के लिए शव को जला दिया। पुलिस हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला मान कर चल रही है। इंस्पेक्टर का कहना है कि युवक की हत्या कहीं बाहर की है और शव को यहां पर लाकर लाकर जलाया गया है।
पहले हत्या की और फिर शव को जलाया गया है। हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग समेत अन्य बिंदु पर भी जांच चल रही है। शव की पहचान का प्रयास किया जा रहा है, शनाख्त के बाद ही हत्यारोपियों का पता चल सकेगा। - नितिन तिवारी, एसएसपी