फ्लैग मार्च निकाला, माहौल बिगाड़ने वालों को चेताया
मेरठ। निकाय चुनाव के मद्देनजर पुलिस और प्रशासनिक अफसरों ने आरएएफ व पीएसी के साथ शहर में फ्लैग मार्च निकाला। लोगों से शांतिपूर्ण ढंग से मतदान करने की अपील के साथ माहौल बिगाड़ने वालों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
एसपी सिटी, एडीएम सिटी, सिटी मजिस्ट्रेट, सभी अपर नगर मजिस्ट्रेट, सीओ और थाना प्रभारियों के अलावा पीएसी और आरएएफ ने पुलिस लाइन से शाम चार बजे फ्लैग मार्च शुरू किया। जो तेजगढ़ी, एल ब्लॉक हापुड़ अड्डा, भूमिया पुल, मेट्रो प्लाजा, रेलवे रोड चौराहा ,घंटाघर, खैरनगर चौराहा, इंदिरा चौक, बेगमपुल, जीरो माइल से होता हुआ वापस पुलिस लाइन पहुंचा।
मामला दर्ज करने के निर्देश
फ्लैग मार्च के दौरान कई जगहों पर दीवारों पर पोस्टर बैनर लगे थे। ऐसा लग रहा था कि इन्हें सोमवार रात या मंगलवार सुबह ही लगाया गया हो। चुनाव प्रचार खत्म होेने के बाद भी इन्हें लगाना अवैध है। एसपी सिटी ने संबधित थानाध्यक्षों को पुलिस टीमें भेजकर इन्हें चिह्नित करने के बाद उक्त प्रत्याशियों पर चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज करने के निर्देश दिए।