मेरठ। शहर सराफा बाजार एसोसिएशन ने बाजार में कई जगह होर्डिंग और पोस्टर लगाए हैं, जिनमें व्यापारियों से किसी को अपनी तलाशी न देने की अपील की गई है।
सराफा व्यापार एसोसिएशन नील गली के महामंत्री सर्वेश कुमार और मंत्री दिनेश रस्तौगी ने बताया कि बाजार में चेकिंग के नाम पर स्थानीय और बाहर से आने वाले व्यापारियों से ठगी की कई वारदातें हो चुकी हैं। खुद को कभी पुलिस तो कभी सेल्स टेक्स का अफसर बताकर व्यापारियों के बैग आदि की तलाशी ली जाती है और फिर बैग से सोना और नगदी उड़ा ली जाती है। इस तरह का गैंग काफी समय ये बाजार में सक्रिय है। लेकिन पुलिस अभी तक किसी भी आरोपी को पकड़ नहीं पाई है।
व्यापारी इस गैंग से सावधान रहें, इसके चलते इन होर्डिंग और पोस्टरों के जरिये व्यापारियों से अपील की गई है कि बाजार में किसी भी व्यक्ति को तलाशी न दें। चाहे वह पुलिस की वर्दी पहने व्यक्ति ही क्यों ना हों। यदि कोई तलाशी लेने को कहता है तो एसओ देहली गेट, पुलिस कंट्रोल रूम या यूनियन पदाधिकारियों को फोन कर सूचना दें। वहीं, मेरठ बुलियन ट्रेडर्स के मंत्री नरेश महेश्वरी ने बताया कि सराफा बाजार की सुरक्षा और जाम की समस्या को लेकर उन्होंने एडीजी जोन से वार्ता कर दो ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की मांग की है। जाम के चलते चोर उचक्के इसका फायदा उठाते हैं। बुलियन ट्रेडर्स की ओर से भी बाजार में लोगों को जागरूक करने वाले होर्डिंग लगवाए जाएंगे। एसओ देहली गेट ने बताया कि सराफा व्यापारी भी बाजार की सुरक्षा बेहतर करने में पूरा सहयोग दे रहे हैं।
खास बात:
सराफा व्यापारियों ने होर्डिंग और पोस्टर लगाकर किया ठग गैंग से सचेत
बाजार में चेकिंग के नाम पर हो चुकीं सोना और नगदी ठगने की कई वारदातें