मेरठ। दिल्ली रोड स्थित मेट्रो प्लाजा में आईफोन का डुप्लीकेट सामान बिकने की शिकायत पर क्राइम ब्रांच और रेलवे रोड पुलिस ने मोबाइल फोन की चार दुकानों पर बुधवार को छापा मारा। पुलिस ने मोबाइल के कवर, ईयर फोन सहित काफी संख्या में अन्य पार्ट्स बरामद किए। इस मामले में चारों दुकानदारों पर केस दर्ज हो गया है।
पुलिस के अनुसार एप्पल कंपनी जयपुर की तरफ से एसएसपी मेरठ से शिकायत की गई थी। आरोप था कि उनकी कंपनी का डुप्लीकेट सामान मेरठ में बेचा रहा है। ये डुप्लीकेट सामान ऑनलाइन भी लोगों को उपलब्ध कराया जा रहा है। इस शिकायत पर एसएसपी ने एसपी क्राइम को कार्रवाई के निर्देश दिए। बुधवार दोपहर जयपुर से कंपनी के सेल्स मैनेजर कमरजीत, किशन डीमोडी, अशोक समेत आठ लोग पहुंचे।
कंपनी के अधिकारियों को साथ लेकर क्राइम ब्रांच ने मेट्रो प्लाजा में कृष्णा मोबाइल पार्ट्स, मेट्रो मोबाइल समेत चार दुकानों पर छापा मारा। जहां पर आईफोन का भारी मात्रा में डुप्लीकेट सामान मिला। पुलिस ने सारा सामान बैग में भरना शुरू किया तो मार्केट के व्यापारियों ने हंगामा कर दिया। इसकी जानकारी पर रेलवे रोड थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने व्यापारियों को समझा बुझाकर शांत किया।
एसओ रेलवे रोड विनोद कुमार ने बताया कि आईफोन का डुप्लीकेट सामान चारों दुकानों से बरामद हुआ है। दुकानदार उस्मान, विकास सेठी, पुनीत कुमार और पंकज के खिलाफ एप्पल कंपनी के सेल्स मैनेजर की तरफ से केस दर्ज हुआ है। चारों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस जांच कर रही है।