स्टंटबाजी का विरोध करने पर परिवार को पीटा
मेरठ। माधवपुरम में स्टंटबाजी का विरोध करने पर एक परिवार को दर्जनों लोगों ने जमकर पीटा। युवक को पीट पीटकर अधमरा कर दिया और महिला से अभद्रता की। युवक की हालत अभी गंभीर बनी है। आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर लोगों ने ब्रह्मपुरी थाने में हंगामा किया। वहीं मारपीट की वीडियो वायरल हो गई है।
ब्रह्मपुरी थानाक्षेत्र के तारापुरी निवासी एजाज अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ शनिवार शाम माधवपुरम में एक डॉक्टर के यहां गए थे। माधवपुरम सेक्टर-3 में तीन युवक बाइक से स्टंट कर रहे थे। इसी दौरान बाइक की साइड एजाज को लग गई। जिस पर एजाज ने स्टंटबाजी करने का विरोध किया। इसके बाद एक युवक वहां से बाइक लेकर चला गया और पांच मिनट बाद दर्जनों युवकों को लेकर लौटा।
आरोप है कि युवकों ने एजाज और उसके परिवार को पीटना शुरू कर दिया। महिला के साथ अभद्रता की और एजाज को इतना पीटा कि उसकी हालत खराब हो गई। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे दिल्ली रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि दिल्ली स्थित अस्पताल में चिकित्सकों ने एजाज की हालत को गंभीर बताते हुए इलाज करने से मना कर दिया है। इसके बाद परिजनों ने फिर से उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
थाने में हंगामा, रिपोर्ट दर्ज
रविवार शाम आदर्श सेवा समिति अध्यक्ष अनस चौधरी के नेतृत्व में पीड़ित परिवार समेत करीब 50 लोग ब्रह्मपुरी थाने पहुंचे। उन्होंने वहां हंगामा करते हुए कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने पीड़ित परिवार से तहरीर लेकर आसिफ और फालू समेत दर्जनों लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया।
खास बातें
एक युवक को किया अधमरा, महिला से की अभद्रता