मामा ने किया था भांजे का अपहरण
मेरठ। ब्रह्मपुरी थानाक्षेत्र के मुमताज नगर से अपह्त 15 महीने के बच्चे को खुर्जा से बरामद कर लिया गया है। पुलिस का दावा है कि उसका अपहरण उसी के रिश्ते के मामा ने 30 हजार के लिए किया था। उसके दोस्त ने ही ये प्लानिंग बनाई थी। पुलिस को अब प्लानिंग करने वाले दोस्त और खरीददारों की तलाश है।
ब्रह्मपुरी पुलिस के मुताबिक थाना क्षेत्र के मुमताज नगर निवासी इंतजार का 15 महीने का बेटा सुब्हान शनिवार सुबह 11 बजे से गायब था। परिजनों ने शाम को थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार सुब्हान की मां भूरी ने बताया कि गायब होने से पहले सुब्हान को उसका रिश्ते का मामा फुरकान खिला रहा था। वो लिसाड़ी गेट के इत्तेफाक नगर का रहने वाला है। पुलिस भूरी को लेकर फुरकान की तलाश में उसके घर जा रही थी कि रास्ते में वो नजर आ गया। भूरी के पहचानने पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि दोस्त दोस्त दानिश निवासी शालीमार गार्डन लिसाड़ी गेट के कहने पर ही बच्चे को अगवा किया।
चार दिन पहले बनी थी प्लानिंग
पुलिस के अनुसार फुरकान की आर्थिक स्थिति ज्यादा बेहतर नहीं है। वो अपने दोस्त दानिश से अक्सर इत्तेफाक नगर में मिलता रहता है। चार दिन पहले उसके दोस्त दानिश ने कहा कि यदि कोई बच्चा मिल जाए तो अच्छी कमाई हो सकती है।
ऐसे ले गया बच्चे को
पूछताछ में फुरकान ने बताया कि वो बच्चे को टाफी दिलाने के बहाने लेकर गया था। इसके बाद आटो से हापुड़ अड्डे गया और फिर बस से खुर्जा ले गया। वहां दनिश को बच्चा सौंप दिया। दानिश ने कहा कि वो बच्चे को बेचने के बाद उसे 30 हजार रुपये देगा।
इस तरह हुई बरामदगी
फुरकान से मिली जानकारी के बाद पुलिस रात में ही उसे लेकर खुर्जा पहुंची। पुलिस के अनुसार खुर्जा बस अड्डे पर दानिश बच्चे को लेकर खड़ा था। फुरकान और पुलिस को देख वो बच्चे को छोड़कर भाग गया। पुलिस ने पीछा किया लेकिन हाथ नहीं आया। पुलिस बच्चे को लेकर मेरठ लेकर आ गई।
संस्था ने किया सम्मान
रविवार को पुलिस ने बच्चे को परिजनों की सपुर्दगी में दिया। युवा सेवा समिति के बदर अली आदि संस्था के पदाधिकारी भी थाने पहुंचे। उन्होंने बच्चे को तलाशने के लिए पुलिस का सम्मान किया।
पुलिस को अब दानिश की तलाश
इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी सतीश राय और एसएसआई विनय कुमार के अनुसार दानिश की गिरफ्तारी के बाद ही पता चलेगा कि वो बच्चा किसे बेचना चाहता था। फुरकान की बातों में कितनी सच्चाई है।
खास बातें
ब्रह्मपुरी केे मुमताज नगर से अपह्त 15 माह का बच्चा खुर्जा से बरामद