लिसाड़ीगेट में युवक की एलानिया हत्या
सद्दीकनगर में कॉल करके घर बुलाया और सीने में उतार दी गोली
हत्या के बाद शव को ई रिक्शा से 400 मीटर दूर रास्ते पर फेंका
आरोपी तीन माह से दे रहे थे हत्या की धमकी, परिजनों ने किया हंगामा
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी शव को ई रिक्शा में लेकर गए और 400 मीटर दूर रास्ते में छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद युवक के परिजनों ने कार्रवाई की मांग को हंगामा कर दिया। उन्होंने कहा कि आरोपी तीन माह से हत्या की धमकी दे रहे थे। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है। कॉल डिटेल के आधार पर जांच शुरू की है।
चमड़ा पैठ जाकिर कॉलोनी निवासी शाह आलम उर्फ आशी (18) पुत्र इस्लामुद्दीन पिता के साथ कपड़े का काम देखता था। एक कॉलेज में पढ़ाई भी कर रहा था। पुलिस के अनुसार सद्दीकनगर निवासी उजेफा पुत्र अनवार और शाह आलम के बीच में किसी लड़की को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार दोपहर उजेफा ने शाह आलम को धमकाया कि वह मोबाइल पर लड़की से बात करना छोड़ दे। इसके करीब एक घंटे बाद उजेफा ने उसे घर बुलाया। वह स्कूटी लेकर चला गया।
सद्दीकनगर में उजेफा के साथ उसके तीन दोस्त भी थे। वहां शाह आलम के साथ उसकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर उजेफा ने शाह आलम के सीने में तमंचा सटाकर गोली मार दी। इसके बाद मुख्य आरोपी अपने साथियों के साथ शव को ई रिक्शा में रखकर ले गया। घटना स्थल से कुछ दूरी पर पुलिस चौकी से पहले आरोपी ई रिक्शा छोड़कर फरार हो गये। आसपास के लोगों ने युवक के शव के संबंध में पुलिस को सूचना दी। मौके पर सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला और इंस्पेक्टर लिसाड़ीगेट पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
युवक की हत्या की सूचना पर युवक के मामा मुख्तार अहमद अन्य परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर हंगामा किया। मुख्तार अहमद की तहरीर पर पुलिस ने उजेफा और रिहान के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने उजेफा के दोस्त आरिफ और एक अन्य युवक को हिरासत में लिया है। मां शबाना ने सीओ कोतवाली को बताया कि आरोपी कई बार हत्या की धमकी दे चुके थे। आशी का बड़ा भाई शाहिदे आलम मुंबई में रहता है। वह घर आया था। पिता और भाई घर से बाहर गए थे।