गला दबाकर की गई थी नाले में मिले युवक की हत्या
खरखौदा। पांच दिन पहले धंनतला गांव के गंदे नाले में अर्धनग्न अवस्था में एक 35 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला था। पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवा दिया था। 72 घंटे बीतने पर भी शव की पहचान नहीं हो सकी। जिस पर सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। जिसमें युवक की गला दबाकर हत्या करना सामने आया है। पुलिस ने मामला हत्या में तरमीम कर दिया है।
धनतला गांव निवासी बच्चे पांच दिन पूर्व तलहैटा मार्ग पर खेतों पर जा रहे थे। बच्चों ने गंदे नाले में एक युवक का शव तैरता हुआ देखा था। ग्रामीणों की सूचना पर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नाले से बाहर निकाला और पहचान कराने की कोशिश की। पर शव की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस नके अनुसार युवक की उम्र करीब 35 वर्ष रही होगी। बाएं हाथ पर हनुमानजी का बड़ा चित्र गुदा था, वहीं दाएं हाथ पर अंग्रेजी में डीए लिखा था। मटमैले रंग का लोअर व निक्कर पहना था। पुलिस ने शव मोर्चरी भिजवा दिया था। 72 घंटे बीतने के बाद भी पहचान न होने पर सोमवार को शव का पोस्टमार्टम किया गया। जिसमें गला दबाकर हत्या करने की बात सामने आई। पुलिस ने मामले को हत्या में तरमीम कर दिया गया है।
युवक की हत्या की गई
नाले में मिले शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या होना सामने आया है। हत्या में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस मामले की जांच की जा रही है। - मनीष बिष्ट, इंस्पेक्टर खरखौदा