किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म, दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
बेहट। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में दबंग युवकों ने शनिवार को आधी रात में किशोरी को घर से उठाकर ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। किशोरी के शोर मचाने पर पहुंचे परिजनों ने आरोपियों के चंगुल से उसे बदहवास हालत में बामुश्किल छुड़ाया। सूचना पर रात में ही पुलिस गांव पहुंची और पीड़िता को कोतवाली ले आई। तहरीर पर पुलिस ने दूसरे संप्रदाय के दो युवकों को नामजद करते मुकदमा दर्ज कर लड़की को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है।
थाने में पीड़ित पिता के अनुसार रात में वह लोग घर के आंगन में सोए थे। आधी रात में गांव के ही दूसरे संप्रदाय के दो युवक उनके घर घुस आए और वहां सो रही उसकी नाबालिग पुत्री को उठाकर ले गए। आरोपी उसे घर के पास ही एक भूसे के मकान में ले गए जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़ित ने बताया कि इससे पूर्व आरोपियों ने फाल्ट कर गांव की विद्युत आपूर्ति भी ठप कर दी थी। लड़की के शोर मचाने पर पहुंचे परिजनों ने एक आरोपी को दबोच लिया। लेकिन आरोप है कि इसी बीच आरोपी पक्ष के लोग लाठी डंडे लेकर वहां पहुंच गए और युवक को छुड़ा कर ले गए। सूचना मिलते ही यूपी 100 व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित लड़की को कोतवाली ले आयी। इस बारे में इंस्पेक्टर केपी सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर गांव के दो युवकों खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए लड़की को मेडिकल के लिए भेज दिया है। शीघ्र ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।