शादी समारोह में आए युवक की जेब से 54 हजार उड़ाए
- युवक ने साथी महिला को दिए रुपये
- अन्य लोगों ने युवक को पकड़कर धुना, पुलिस में नहीं की शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
मवाना। फलावदा रोड स्थित एक मंडप में शादी समारोह में शामिल होने आए नगर निवासी एक युवक की जेब से एक युवक ने अपनी चार महिला साथी की मदद से हजारों की नकदी साफ कर दी। लोगों ने युवक को जेब से रुपये उड़ाते देख लिया और उसकी जमकर धुनाई की। मौका पाकर युवक की महिला साथी रुपये लेकर वहां से भाग निकली।
जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला मुन्नालाल निवासी भूरा बृहस्पतिवार को फलावदा रोड स्थित एक मंडप में शादी समारोह में शामिल होने आया था। आरोप है कि इस दौरान एक युवक ने उसकी जेब से लगभग 54 हजार रुपये की नकदी साफ कर दी। लोगों ने युवक की इस हरकत को देख लिया और शोर मचाते हुए उसे पकड़ लिया। परंतु युवक ने इससे पहले अपने साथ आई चार महिलाओं को रुपये दे दिए जो मौका पाते ही वहां से निकल गई। लोगों ने युवक को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई की और महिलाओं के बारे में पूछा। परंतु युवक ने महिलाओं के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। युवक पकड़े गए चोर को अपने साथ ले गया और महिलाओं की तलाश कर रहा है। थाना प्रभारी मनीष बिष्ट का कहना है कि उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं है। न ही किसी ने उनसे इस तरह की शिकायत की है। शिकायत आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।