दौराला। चिरौड़ी गांव में बुधवार शाम खेत से चारा लेने गया कक्षा नौ का छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ पर लटका मिला था। इस मामले में पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। वहीं, बृहस्पतिवार शाम तक छात्र के परिजनों ने थाने में तहरीर नहीं दी है।
दौराला थाना क्षेत्र के गांव चिरौड़ी निवासी 14 वर्षीय छात्र मोंटी पुत्र वेदपाल बुधवार शाम खेत से चारा लेने गया था। वह देर शाम तक नहीं लौटा। इस पर परिजनों ने अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर तलाश शुरू की थी। इस दौरान गांव निवासी रामफल के खेत के समीप शीशम के पेड़ पर मोंटी का शव लटका मिला। इससे परिजनों में कोहराम मच गया था। सूचना पाकर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक विभाग की टीम पहुंची और मामले की जांच की थी। देर रात तक मृतक के परिजन एवं ग्रामीण अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग कर हंगामा करते रहे थे और शव नहीं उठने दे रहे थे। हालांकि बाद में पुलिस ने किसी तरह ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया था। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। मृतक छात्र का शव बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा। वहां उसका गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, पुलिस इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इस मामले में बृहस्पतिवार रात तक मृतक के परिजनों ने थाने में तहरीर नहीं दी। दौराला थाने के एसएसआई धारा सिंह का कहना है कि फिलहाल तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। वहीं, देर शाम सपा नेता अतुल प्रधान ने पीड़ितों के घर पहुंचकर सांत्वना दी तथा अधिकारियों से कार्रवाई करने के लिए कहा।
मुख्य बातें
चिरौड़ी के जंगल में पेड़ पर लटका मिला था छात्र का शव
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई, फिलहाल तहरीर नहीं मिली