विधायक व एसओ को घटना की जानकारी देते आश्रम के महंत
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ। शहर में दिनदहाड़े डकैती का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा कि सोमवार आधी रात बदमाशों ने भावनपुर के आश्रम में महंत को बंधक बनाकर डाका डाल दिया। मौके पर पहुंची भावनपुर पुलिस को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। करीब सात साल पहले इसी आश्रम में डकैती के दौरान महंत की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस वारदात को चोरी में दर्ज किया है।
भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव स्याल-मुबारिकपुर स्थित श्रीश्री 1008 भगवान दास सहाय आश्रम में महंत विजय दास रहते हैं। उन्होंने बताया कि हर साल महाशिवरात्रि के पर्व पर आश्रम में बड़े स्तर पर धार्मिक आयोजन होता है, जिसमें सैकड़ों भक्त आते हैं। इसकी जोर-शोर से तैयारियां चल रही थी। सोमवार देर रात लाठी-डंडे और तमंचों से लैस पांच बदमाशों ने आश्रम में धावा बोल दिया। बदमाशों ने महंत विजय दास और एक अन्य महंत प्रभात नगर निवासी महेंद्र दास को गन प्वाइंट पर लेकर बंधक बना लिया। दोनों महंतों को कुटिया में बंद करके बदमाश आश्रम से 12 हजार रुपये, बैट्री, साइकिल, घड़ी, मंदिर के 12 पीतल के घंटे, इलेक्ट्रॉनिक लाइट, 4 किलो बादाम व 8 कंबल समेत करीब डेढ़ लाख का सामान सामान लूट लिया।