मवाना। ग्राम बातनौर निवासी एक व्यक्ति को पुलिस की मदद करना भारी पड़ गया। वारंटी का घर बताने पर उसने उक्त व्यक्ति को मारपीट कर घायल कर दिया। वहीं, पुलिस ने वारंटी पर कार्रवाई करने के बजाए पीड़ित को ही हवालात में डाल दिया।
अधिकारी पुलिस एवं जनता के बीच मधुर संबंध बनाने का चाहे जितना प्रयास कर लें। खाकी सुधरने का नाम नहीं ले रही है। ग्राम बातनौर निवासी आनंद पुत्र इमरत ने बताया कि करीब 20 दिन पूर्व पुलिस वारंटी कि तलाश में गांव आई थी। पुलिस ने आनंद से उस व्यक्ति के घर का पता मालूम किया। आनंद ने पुलिस को इसकी जानकारी दे दी। वारंटी ने पुलिस के सामने ही आनंद को भुगत लेने की धमकी दी। वारंट रिकॉल होने के बाद जब वह गांव पहुंचा तो आनंद के साथ आए दिन गालीगलौज करने लगा। शुक्रवार को रंजिशन वारंटी ने आनंद के साथ मारपीट कर दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस को दोनों पक्ष हाथ नहीं लगे। पुलिस ने आनंद को भाई शेर सिंह से थाने में ले आने के लिए कहा। इस पर शेर सिंह अपने भाई आनंद को थाने ले आया। आरोप है कि पुलिस ने बिना कुछ जानकारी किए आनंद को हवालात में डाल दिया। थाना प्रभारी करतार सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों में झगड़े में तीन लोग घायल हुए हैं। दोनों ही पक्षों के आनंद व संजीव को शांतिभंग में निरुद्ध किया गया है।
अवैध शराब के साथ पकड़ा
फलावदा। कस्बा पुलिस ने अवैध शराब के साथ एक व्यक्ति को पकड़ लिया। थाना प्रभारी करतार सिंह ने बताया कि पुलिस चेकिंग कर रही थी। इस दौरान उन्हें एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उक्त व्यक्ति भागने लगा। इस पर पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उससे 24 पव्वे अवैध शराब के बरामद किए हैं। पुलिस पकड़े गए युवक को थाने ले आई। पूछताछ में उक्त व्यक्ति ने अपना नाम बातनौर निवासी प्रताप पुत्र नेपाल बताया है।