मेरठ। परीक्षितगढ़ से नवविवाहिता का अपहरण, उसके भाई पर जानलेवा हमला और नाटकीय बरामदगी के बाद नवविवाहिता के बयानों के बाद नया मोड़ आ गया है। दो चश्मदीद गवाहों ने एसएसपी को शपथ पत्र देकर नवविवाहिता को जानलेवा हमले में सह अभियुक्त बनाने की मांग की है।
परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र निवासी नवविवाहिता का आठ अप्रैल को हिस्ट्रीशीटर शहजाद ने उस समय अपहरण कर लिया था, जब वह अपने पति और देवर के साथ मायके लौट रही थी। नवविवाहिता का भाई शहजाद समेत कई आरोपियों के खिलाफ दर्ज अपहरण के केस की पैरवी कर रहा था। जानलेवा हमला होने पर नवविवाहिता के भाई ने थाना भावनपुर पर शहजाद समेत कई आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया था। नवविवाहिता ने बरामदगी होने के बाद अपने भाई से ही खतरा जताया था, जिस पर नवविवाहिता को नारी निकेतन भेज दिया गया था।
इस जानलेवा हमले के दो चश्मदीद गवाहों विनोद कुमार और मोहन राम ने सोमवार को एसएसपी राजेश कुमार पांडेय को शपथपत्र सौंपे। दावा किया कि जिस समय नवविवाहिता के भाई पर हमला हुआ था तो आरोपी शहजाद पुत्र यामीन निवासी परीक्षितगढ़ के साथ कार में अन्य आरोपियों के अलावा अपहृत नवविवाहिता भी थी। शपथपत्र में आरोप लगाए गए हैं कि नवविवाहिता शहजाद से कह रही थी कि आज मेरा भाई बचना नहीं चाहिए। यही मुकदमे की पैरवी कर रहा है। इसे जान से मार दो। तभी शहजाद ने उसे गोली मार दी थी। चश्मदीद गवाहों का दावा है कि वे अपहृत नवविवाहिता और उसके भाई को जानते हैं। मंगलवार को नवविवाहिता को अदालत में पेश किया जाएगा। जहां पर आगे की कार्यवाही अदालत द्वारा तय की जाएगी।
हिस्ट्रीशीटर को सरेंडर कराना चाहती है पुलिस
मेरठ। हिस्ट्रीशीटर शहजाद पुलिस से साठगांठ कर जल्द सरेंडर हो सकता है। चर्चा है कि पुलिस के एक अधिकारी से शहजाद की फोन पर एक वकील के जरिये बातचीत हो चुकी है। इसको लेकर हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। हालांकि पुलिस का कहना है कि शहजाद की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश जारी हैं।
हिस्ट्रीशीटर शहजाद व उसके साथियों ने नवविवाहिता को सरेआम अगवा किया था। चौतरफा दबाव पड़ने पर हिस्ट्रीशीटर ने एक वकील के जरिये पुलिस के एक अधिकारी से सेटिंग की। जिसके बाद नवविवाहिता को पौने दो महीने बाद सौंपा। यह सारा प्लान हिस्ट्रीशीटर के मुताबिक ही तय हुआ। नवविवाहिता इस समय नारी निकेतन में है। सूत्रों की मानें तो हिस्ट्रीशीटर शहजाद ने फिर से वही चाल चली। अब उसने वकील के जरिये फिर पुलिस के अधिकारी से संपर्क साधा। हिस्ट्रीशीटर अब खुद सरेंडर करना चाहता है। जिसको लेकर पुलिस ने उसकी बात मान ली है। हिस्ट्रीशीटर के इशारे पर पुलिस नाच रही है, इसे लेकर हिंदू संगठन को कार्यकर्ताओं में जबरदस्त गुस्सा है। उन्होंने एसएसपी को शिकायती पत्र दिया है।