मोदीपुरम। पल्लवपुरम थाने में एक गैंगस्टर ने कीटनाशक पी लिया। पुलिस ने उसका उपचार कराकर जेल भेज दिया। वहीं परिजनों का आरोप है कि पुलिस की मारपीट से परेशान होकर उसने ये कदम उठाया है। इस संबंध में उन्होंने एसएसपी से शिकायत की है।
डबल स्टोरी निवासी सूरज कुमार पुत्र ओमपाल सफाई कर्मी है। सूरज के भाई गोविंद ने बताया कि शुक्रवार शाम पल्लवपुरम थाने के इंस्पेक्टर दिलीप कुमार शर्मा, दारोगा संजय पाल, भुवनेश्वर, अनिल कुमार सूरज को घर से उठाकर थाने ले गए। जहां पुलिस ने सूरज की पिटाई की। इससे परेशान होकर उसने शौचालय में जाकर कीटनाशक पी लिया। पुलिस ने उसका उपचार कराया। परिजनों ने पुलिस पर प्रताड़ित करने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए एसएसपी राजेश पांडेय से शिकायत की है। गोविंदा का आरोप है कि वह देर रात तक थाने पर ही खड़े रहे। इस दौरान एक दारोगा ने सूरज को छोड़ने के नाम पर रिश्वत मांगी। वहीं सीओ दौराला पंकज कुमार का कहना है कि युवक पर गैंगस्टर लगी है और वह मारपीट के मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस उसे पकड़कर लेकर लाई थी। गर्मी के चलते उसकी हालत बिगड़ गई। उसने कोई कीटनाशक नहीं खाया है, परिजनों के आरोप बेबुनियाद हैं।