खरखौदा। मेरठ रोड गांव लालपुर स्थित फार्म हाउस में बृहस्पतिवार को शादी समारोह में चढ़त के दौरान एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिसमें मृतक के पिता ने दोस्त के खिलाफ हत्या की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव लालपुर निवासी चयनपाल पुत्र नत्थू सिंह की बेटी की शादी थी। गांव लालपुर में ही पूर्व मंत्री जयपाल सिंह के जेपी फार्म हाउस में कार्यक्रम था। मेरठ के जागृति विहार से बारात आई थी। रात्रि करीब ग्यारह बजे बारात चढ़त के दौरान फार्म हाउस पहुंची। यहां से करीब 50 मीटर पहले 30 वर्षीय युवक को गोली लग गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। सड़क किनारे गोली गले शव की जानकारी पुलिस और बारातियों को दी गई। एएसपी अमित कुमार आनंद, सीओ किठौर चक्रपाणि त्रिपाठी पुलिस लेकर पहुंचे। शव की शिनाख्त दिपांशु निगम पुत्र कन्हैया लाल निवासी नंदग्राम गाजियाबाद के रूप में हुई थी। पुलिस ने परिजनों को जानकारी दी। मृतक के पिता ने बताया कि दिपांशु अपने दोस्त हैप्पी के साथ मेरठ में शादी में शामिल होने आया है। उन्होंने हैप्पी पर बेटे की हत्या की आशंका जताई है। वहीं, एएसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।