रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी का आरोप
मवाना। नगर निवासी अमित ने थाने में दी तहरीर में एक को नामजद तथा दो अज्ञात बदमाश पर रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है।
नगर निवासी अमित ने थाने में दी तहरीर में बताया कि मिल रोड स्थित एक होटल से जैसे ही वह खाना खाकर बाहर निकला तो गांव खेड़ी मनिहार निवासी एक युवक दो अन्य साथियों के साथ उसको मिला। नामजद आरोपी ने क्षेत्र के एक बदमाश का नाम लेते हुए उनसे 10 हजार रुपये मांगे।
जब उसने इसका विरोध करते हुए पूछा कि किस बात के पैसे दूं। तो आरोपियों ने उससे मारपीट करते हुए पांच हजार रुपये छीन लिए। जाते हुए आरोपियों ने धमकी दी कि यदि उसने पुलिस में कार्रवाई की तो उसको जान से मार देंगे। तहरीर में पीडित ने कहा है कि आरोपियों द्वारा फोन कर लगातार धमकी देकर रंगदारी मांगी जा रही है। थाना प्रभारी बृजेश कुशवाहा ने मामले से अनभिज्ञता जताई है। तहरीर मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
सर्व शिक्षा अभियान रैली निकाली
मवाना। गांव सठला स्थित प्राइमरी पाठशाला तथा एमएम पब्लिक स्कूल द्वारा सर्व शिक्षा अभियान के तहत रैली निकाली गई। जिसमें स्कूल के प्रधानाचार्य जबाब सिंह, इकबाल व गांव सठला निवासी साजिद खान, यूसुफ कुरैशी, मास्टर फैसल आदि मौजूद रहे।
बीकॉम की मौखिक परीक्षा 21 अप्रैल को
मवाना। एएस पीजी कालेज के प्राचार्य डॉ. अतुल गोयल ने कहा है कि विवि की मुख्य परीक्षा 2018 में बीकॉम तृतीय वर्ष की मौखिक परीक्षा महाविद्यालय सहित कुल नौ संस्थाओं कृषक पीजी कॉलेज, आरएन कॉलेज हस्तिनापुर, शताक्षी कालेज ऑफ एजुकेशन चितवाना शेरपुर, कृष्णा इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन बना, ज्ञानश्री कालेज ऑफ प्रोफेशनल एजुकेशन बहसूमा, अर्शिया कॉलेज ऑफ हायर एजुकेशन कौल, सुशील इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी मवाना, गांधी स्मारक देव नागरी डिग्री कालेज परीक्षितगढ़ की बीकॉम तृतीय वर्ष संस्थागत व व्यक्तिगत परीक्षार्थियों की मौखिक परीक्षा 21 अप्रैल शनिवार को प्रात: 10 बजे होगी। सभी संबंधित परीक्षार्थी समय प्रवेश पत्र तथा द्वितीय वर्ष की मूल अंकतालिका के साथ उपस्थित हों।