खरखौदा। शास्त्रीनगर स्थित एक निजी अस्पताल से शुक्रवार शाम थ्रीव्हीलर में सवार होकर घर लौट रहे किशोर को अगवा करके कुकर्म किया। वहीं, परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
शहर से सटी कांशीराम कॉलोनी में एक व्यक्ति का परिवार रहता है। उसका 16 वर्षीय पुत्र हापुड़ रोड शास्त्रीनगर स्थित एक निजी अस्पताल में काम करता है। किशोर शुक्रवार रात करीब नौ बजे अस्पताल से घर के लिए चला था। अस्पताल से बाहर निकलते ही उसके सामने एक थ्रीव्हीलर रुका। किशोर उसमें अकेला ही बैठकर घर के लिए चल दिया। आरोप है कि थ्रीव्हीलर चालक उसे कांशीराम कॉलोनी ले जाने के बजाय लोहियानगर सब्जी मंडी के पीछे पड़े खाली स्थान पर ले गया। वहां उससे कुकर्म किया। इसके बाद किशोर को घायल अवस्था में छोड़कर भाग गया। किशोर घर पहुंचा तथा परिजनों को जानकारी दी। इस पर वे थाने पहुंचे। पुलिस ने किशोर को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया तथा अज्ञात थ्रीव्हीलर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।