- हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने मौके पर किया हंगामा
- एसपी सिटी के मौके पर नहीं पहुंचने पर की नारेबाजी
- सीओ ब्रह्मपुरी और तीन थानों की फोर्स ने किसी तरह शांत कराया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के ततीना गांव में गोतस्करों ने गोवंश का कटान कर दिया। इसका पता चलते ही ग्रामीणों के साथ हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर जमकर नारेबाजी कर हंगामा किया। भीड़ लाठी डंडे लेकर पहुंची तो पुलिस के हाथ पांव भूल गए। सूचना पर सीओ ब्रह्मपुरी कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत किया।
ततीना गांव के जंगल में शुक्रवार देर रात जबलू के गेहूं के खेत में गोतस्करों ने दो गोवंश काट दिए। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने अवशेष पडे़ देखे तो भीड़ लगनी शुरू हो गई। सूचना पर हिंदू युवा वाहिनी के रोबिन भड़ाना, गौरव भड़ाना और बजरंग दल के मधुबन अन्य कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंच गए। कुछ युवक लाठी डंडे लेकर खेतों पर पहुंचे और हंगामा कर दिया। सूचना पर सीओ ब्रह्मपुरी चक्रपाणि त्रिपाठी, इंस्पेक्टर परतापुर तपेश्वर सागर और इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी रघुराज सिंह मौके पर पहुंचे। आक्रोशित लोगों ने सीओ और इंस्पेक्टर को घेर लिया। भीड़ बढ़ी तो खरखौदा थाने से भी पुलिस बुला ली गई। सीओ ब्रह्मपुरी और इंस्पेक्टर परतापुर को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस ने पशु चिकित्सकों को बुलाया और अवशेष के सैंपल भरवाकर जांच के लिए भिजवाए। सीओ ब्रह्मपुरी ने आश्वासन दिया कि पुलिस आरोपियों पर सख्त कार्रवाई कर रही है। जो भी आरोपी हैं पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजेगी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मीट के अवशेषों को मिट्टी में दबवा दिया।
कानून व्यवस्था बिगड़ी तो एसपी सिटी होंगे जिम्मेदार
हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारी रोबिन भड़ाना ने हंगामा करते हुए कहा कि लगातार पुलिस अफसरों को सूचना दी गई, लेकिन मौके पर एसपी सिटी नहीं पहुंचे। जबकि एसएसपी के सीयूजी नंबर पर भी सूचना दी गई। लगातार गोकशी की घटना हो रही है। पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। उन्होंने कहा कि यदि गोकशी को लेकर कानून व्यवस्था बिगड़ी तो एसपी सिटी जिम्मेदार होंगे। ग्रामीणों का कहना था कि ततीना में गोकशी की यह चौथी घटना है। एक माह पहले पुलिस ने कासिम और परवेज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं दानिश और बबलू अभी तक गिरफ्तार नहीं हुए।
गोकशी की घटना पुलिस के लिए चुनौती
16 मार्च की सुबह रोहटा पुलिस ने गोकशी की घटना में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया था। जहां आरोपियों ने दो गोवंश का कटान करने की बात पुलिस के सामने कबूली थी। इस मामले में पुलिस ने नईम निवासी फरीदनगर थाना भोजपुर गाजियाबाद, नफीस सिंधावली थाना कंकरखेड़ा व आसिफ लिसाड़ीगेट को गिरफ्तार किया था। वहीं 19 मार्च को पुलिस ने सरूरपुर क्षेत्र में गोकशी के आरोप में बिलाल निवासी हर्रा को गिरफ्तार किया था। शनिवार सुबह ततीना के जंगल में गोवंश के अवशेष मिलने पर जमकर हंगामा हुआ।
-------------
कड़ी कार्रवाई कर रही पुलिस
मौके से मिले अवशेष प्रथम दृष्टया गोवंश के प्रतीत हो रहे थे। पशु चिकित्सकों को बुलाकर सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। गोवध अधिनियम की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जो भी गोतस्करी से जुड़े अपराधी हैं उनकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस काम कर रही है। गोतस्करी रोकने को लेकर पुलिस कड़ी कार्रवाई कर रही है। -चक्रपाणि त्रिपाठी, सीओ ब्रह्मपुरी