सरधना (ब्यूरो)।
नवाबगढ़ी में सात दिन पहले संदिग्ध हालत में महिला की मौत के मामले में मंगलवार को ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो गई। मृतक महिला के पिता की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की।
नवाबगढी निवासी शाहिद अंसारी पुत्र ताहिर अंसारी का निकाह 14 साल पहले झारखंड की रहने वाली रजिया पुत्री इदरीस के साथ हुआ। उनके चार बच्चे सादिक (14), वाजिद (12), सानिया (10) व साजिया (8) हैं। शाहिद व रजिया के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। 18 जुलाई की रात रजिया की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम पर रजिया की पीटकर और बिजली का करंट लगाकर हत्या किए जाने की सूचना दी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और पति को हिरासत में ले लिया।
बाद में महिला के मायके वाले थाने पहुंचे और हत्या का आरोप लगाया। वहीं पोस्टमार्टम में रजिया की मौत का कारण विद्युत करंट लगना सामने आया। मृतक रजिया के पिता इदरीश निवासी मोहल्ला चैताडी गिरिडीह झारखंड ने मामले में मानवाधिकार आयोग और मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। इसके चलते मंगलवार को थाना पुलिस ने पति शाहिद, देवर वाहिद व जाहिद उर्फ छोटू, सास रबिया, नंद मोहसीना व ससुर ताहिर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। एसएसआई भरतलाल शाह ने बताया कि हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर मामले में विवेचना की जा रही है।
प्रमुख बातें ===
सात दिन पहले संदिग्ध हालात में हुई थी महिला की मौत
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण करंट लगना निकला
मृतका के मायके वालों ने ससुरालियों पर लगाया आरोप