यूपी, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली समेत कई राज्यों में लोन के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह के 15 सदस्यों को सोमवार को ब्रह्मपुरी पुलिस और क्राइम ब्रांच ने पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने 400 से अधिक लोगों से र्ढाई करोड की ठगी करने की बात कबूली है। पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के ऑफिस से कंप्यूटर, लैपटॉप और अन्य सामान भी बरामद किया है। देर रात तक पुलिस मामले की जांच में जुटी थी।
एसओ ब्रह्मपुरी सतेंद्र यादव ने बताया कि मंडी गेट के सामने स्थित श्याम प्लाजा में इमपॉवर प्रो सर्विसेज प्राईवेट लिमिटेड के नाम से फाइनेंस कंपनी का ऑफिस है। इसका मुख्य सरगना सोनू जैदी उर्फ असरफ निवासी खिर्वा जलालपुर है। काफी समय से शिकायत मिल रही थी कि लोन और नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी की जा रही है।
यह गिरोह चार सौ से अधिक लोगों से करीब ढाई करोड़ रुपये की ठगी कर चुका है। मध्यप्रदेश, बिहार, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली के अलावा यह गिरोह वेस्ट यूपी के कई जिलों के लोगों को फोन कॉल करके लोगों को फंसाते थे। फाइनेंस कंपनी किसी भी लोन के नाम पर दस प्रतिशत एडवांस रकम अपने खाते में जमा कराती थी। आरोपियों ने पीड़ित लोगों का न तो लोन ही पास कराया और न ही एडवांस रकम वापस की।
पीड़ितों के रकम वापस मांगने पर उन्हें धमकी दी जाती थी। कुछ लोगों ने इसकी शिकायत ब्रह्मपुरी थाने में की थी। एसओ ब्रह्मपुरी ने बताया कि पकड़े गए 15 लोगों को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
यह हुए गिरफ्तार
सोनू जैदी उर्फ असरफ निवासी खिर्वा जलालपुर, हनी निवासी मुजफ्फरनगर, रंजीत निवासी कंकरखेड़ा, तसब्बुर निवासी सिंघावली, जावेद निवासी सलापुर, शाहरुख निवासी सलापुर, जावेद निवासी सलापुर, फैजान निवासी खिर्वा, कामरान निवासी सलारपुर, अती मौहम्मद निवासी सलापुर, धर्मेंद्र निवासी मुजफ्फरनगर, सुशील निवासी कंकरखेड़ा, एलविल निवासी लालकुर्ती, आमिर निवासी लिसाड़ीगेट और रिजवान निवासी लालकुर्ती को गिरफ्तार किया गया है।