मेरठ/खरखौदा। हापुड़ रोड स्थित पूर्व मंत्री के फार्म हाउस में चल रहे शादी समारोह में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसकी सूचना पर सीओ, एएसपी फोर्स को लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि युवक अपने दोस्तों के साथ शादी समारोह में आया था। युवक की शिनाख्त दीपांशु निगम (32) पुत्र कन्हैया निवासी नंदग्राम गाजियाबाद के रूप में हुई।
खरखौदा थानाध्यक्ष एएसपी अमित कुमार आनंद के मुताबिक भाजपा के पूर्व मंत्री जयपाल सिंह के फार्म हाउस में जागृति विहार से बारात आई थी। शादी समारोह चल रहा था। फार्म हाउस से करीब 50 मीटर दूर एक युवक का शव पड़ा मिला। बारात में लोगों में चर्चा थी कि कार में सवार बदमाश आए थे और युवक को गोलियां मारी हैं। दीपांशु अपने दोस्तों के साथ शादी समारोह में आया था।
पुलिस ने बताया कि दीपांशु के जेब में आईडी और मोबाइल फोन मिला था। जिस पर पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि दीपांशु एक कंपनी में जॉब करता है। वह मेरठ अपने दोस्तों के संग गया होगा। इसकी उनको कोई जानकारी नहीं है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेजा है। देर रात तक पुलिस हत्या का कारण जानने में जुटी थी।
हर्ष फायरिंग में तो नहीं हुई हत्या
सवाल उठता है कि अगर दीपांशु शादी समारोह में अपने दोस्ताें के साथ आया था तो वह फार्म हाउस से दूर अकेला क्यों गया। दीपांशु को उसके दोस्तों ने भी नहीं पहचाना। पुलिस ने दीपांशु के मोबाइल से उसके परिजनों से बात की, तब जाकर शिनाख्त हुई। पुलिस का कहना है कि शादी समारोह में भी हर्ष फायरिंग में दीपांशु की हत्या होने का शक है। क्योंकि कुछ देर पहले ही चढ़त हुई थी।
दोस्त नहीं आए सामने
पुलिस की जांच में सामने आया कि मौत के बाद दीपांशु का कोई भी दोस्त सामने नहीं आया। पुलिस उसके मोबाइल की कॉल डिटेल खंगालने में लगी है। पुलिस को अंदेशा है कि दीपांशु की हत्या किसी बदमाश तो नहीं की। वहीं, दोस्त भी ये वारदात कर सकते हैं। वारदात का कोई चश्मदीद गवाह नहीं बताया गया। देर रात तक एएसपी और सीओ किठौर जांच करने में जुटे थे।