- स्विफ्ट कार पर लगा था अशोक की लाट चिह्न और आर्मी का स्टीकर
- कार से मिली शराब की बोतलें, युवतियों के वेश में दो युवक पकड़े
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। सफेद रंग की स्विफ्ट कार ने मंगलवार देर रात पुलिस के पसीने छुड़ा दिए। करीब आधा घंटा की घेराबंदी के बाद यह कार डिफेंस कालोनी के सामने पकड़ी गई। कार पर अशोक की लाट का चिह्न और आर्मी का स्टीकर लगा था। कार से शराब की चार बोतलों के अलावा दो युवक युवतियों के वेश में पकड़े गए।
एसओ गंगानगर विनोद कुमार के अनुसार रात करीब डेढ़ बजे सूचना फ्लैश हुई कि संदिग्ध सफेद स्विफ्ट कार रुड़की रोड पर देखी गई है। इस गाड़ी में कुछ युवक और युवतियां अश्लील हरकत करते देखे गये। यह तेज रफ्तार कार रुड़की रोड पर पुलिस को चकमा देकर कैंट क्षेत्र की ओर निकल गई। जिसके बाद लालकुर्ती और सिविल लाइन पुलिस के अलावा यूपी 100 पुलिस ने घेराबंदी की तो यह कार मवाना रोड की तरफ निकल गई। गंगानगर थाने के सामने बैरियर लगाकर कार को रोका गया। एसओ के अनुसार कार एक सैनिक चला रहा था, जो पांच दिन की छुट्टी पर आया हुआ था। सैनिक ने बताया कि वह मवाना क्षेत्र का रहने वाला है। अपने दो साथियों के साथ शादी में गया था। बरात में नचाने के लिए दो लड़कों को साड़ी पहनाकर लड़कियों की शक्ल में 1200-1200 रुपये में लेकर गया था। एसपी देहात राजेश कुमार ने बताया कि सैनिक ने बताया कि कैंटीन की शराब की कुछ बोतलें उसकी कार में रखी थीं।