कंकरखेड़ा। हाईवे स्थित डाबका गांव के जंगल में बृहस्पतिवार रात हथियारों से लैस आधा दर्जन बदमाशों ने जमकर लूटपाट की। बदमाशों ने शिक्षक, शोरूम मैनेजर सहित पांच लोगों से नकदी, सोना व मोबाइल लूट लिए। विरोध करने पर मारपीट की और उन्हीं के कपड़ों से उनके हाथ पांव बांधकर ईख के खेत में फेंककर फरार हो गए।
घिसौली निवासी मयंक शर्मा पुत्र रामप्रसाद लावड़ स्थित एक बाइक शोरूम में मैनेजर है। बृहस्पतिवार रात वह शोरूम से घर लौट रहा था। रास्ते में डाबका गांव के जंगल में घिसौली-डाबका संपर्क मार्ग पर हथियारों से लैस आठ नकाबपोश बदमाशों ने उसे रोक लिया और कनपटी पर तमंचा लगा दिया। इसके बाद उससे 85 हजार रुपये, सोने की अंगूठी, चेन व मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर मारपीट की। साथ ही उसी के कपड़ों से उसके हाथ पांव बांधकर खेत में फेंक दिया। इस दौरान घिसौली निवासी शिक्षक सुधीर पुत्र सतीश राम बाइक से घर लौट रहा था। बदमाशों ने उससे भी पांच हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद बदमाशों ने घिसौली निवासी रोहित पुत्र दयाचंद से पांच सौ रुपये, अमित पुत्र धर्मवीर से एक हजार रुपये और सौरभ से एक हजार रुपये व मोबाइल लूट लिया। बाद में वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने पीड़ितों को बंधक मुक्त कराया। इंस्पेक्टर दीपक शर्मा का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। चार संदिग्ध युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। लूट का शिकार हुए रोहित व अमित ने बताया कि बदमाश सड़क के दोनों ओर खेतों में छिपे हुए थे।