बच्ची के अपहरण का शोर मचा, हंगामा
मेरठ। टीपी नगर थाना क्षेत्र के बागपत रोड पर एक सात साल की बच्ची के अपहरण का शोर मच गया। लोगों ने एक युवक को पकड़कर धुन डाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो मामला गलत फहमी का निकला।
मंगलवार शाम मलियाना निवासी एक युवक, युवती और सात साल की बच्ची स्कूटी पर जा रहे थे। बागपत रोड पर मलियाना पुल के पास एक युवक ने उन्हें रोक लिया। पुलिस के अनुसार युवक नशे में था। वह भी युवती के मोहल्ले का ही था। तभी युवती ने बच्ची के अपहरण का शोर मचा दिया। इस पर वहां भीड़ लग गई। युवती ने नशे में धुत युवक पर बच्ची के अपहरण के प्रयास करने का आरोप लगाया। इस पर लोगों ने युवक की पिटाई शुरू कर दी। सूचना पर टीपी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को थाने ले आई। एसओ टीपी नगर ब्रजेश शर्मा के अनुसार नशेड़ी युवक और युवती एक ही मोहल्ले के हैं। उनमें किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी वजह से युवती ने बच्ची के अपहरण का शोर मचाया। एसओ के अनुसार युवती से तहरीर देने को कहा गया लेकिन नहीं दी। बाद में बच्ची के उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया और सभी को चेतावनी देकर छोड़ दिया।
खास बात
लोगों ने नशेड़ी युवक को पकड़कर धुना, बाद में मामला कहासुनी का निकला