कंकरखेड़ा (मेरठ)। कूड़ा बीनने वाले से मारपीट, गालीगलौज करने और उस पर पिस्टल तानना एक भाजपा नेता को भारी पड़ गया। कंकरखेड़ा पुलिस ने तहरीर पर आरोपी भाजपा नेता व उसके साथी को केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार जवाहर नगर निवासी गोपी कूड़ा बीनने का काम करता है। बृहस्पतिवार शाम वह हाईवे पर कूड़ा बीनते हुए भाजपा नेता नितिन जैन के गोल्डन रिसोर्ट तक पहुंच गया। आरोप है कि भाजपा नेता ने उसे देखते ही उसके साथ गालीगलौज करनी शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट की और उसकी कनपटी पर पिस्टल तान दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित गोपी ने आरोपी नितिन जैन व उसके दोस्त विक्रम राणा के खिलाफ तहरीर दी। इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा प्रदीप त्रिपाठी ने बताया कि नितिन जैन व विक्रम राणा के खिलाफ जानलेवा हमला और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। नितिन जैन भाजपा नेता है और उसका प्रॉपर्टी डीलिंग का काम है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। जिन्हें जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
- कंकरखेड़ा का मामला, जानलेवा हमले की धारा में रिपोर्ट दर्ज