चरस बेचने वाला गिरफ्तार, ठेके पर लगा ताला
मेरठ। गंगानगर थाने के पास भांग के ठेके पर बिक रही चरस का खुलासा होते ही आबकारी विभाग व पुलिस हरकत में आ गई। शनिवार को आबकारी टीम ने ठेके पर छापा मारा और भांग के सैंपल लेकर वहां ताला लगा दिया। इस बीच वहां मौजूद कर्मचारी भाग गया। लेकिन पुलिस ने देरशाम फरार आरोपी युवक को नशे के सामान के साथ पकड़ लिया।
गंगानगर स्थित राधागार्डन नाले पर काफी समय से भांग का ठेका है। जहां भांग की आड़ में चरस बेची जा रही थी। अमर उजाला ने शनिवार के अंक में इस नशे के कारोबार से संबंधित खबर प्रकाशित की। इसके बाद सुबह आठ बजे ही आबकारी विभाग की टीम ने भांग के ठेके पर छापा मार दिया। टीम को देख वहां मौजूद कर्मचारी भाग निकला। इसके बाद टीम ने खोखे में मौजूद सूखी और गीली भांग के नमूने लेकर वहां अपना ताला लगा दिया। एसओ गंगानगर दिनेश चंद ने बताया कि शाम को फरार कर्मचारी शिवकुमार पुत्र शिशुपाल निवासी रेलवे गंज हरदोई को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 150 ग्राम गांजा, 100 ग्राम चरस बरामद हुई है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
भांग के नमूने क्यों लिए
आबकारी विभाग द्वारा भांग के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने पर सवाल उठ रहा है। क्योंकि भांग के ठेके की आड़ में दूसरे नशीले पदार्थ बेचे जाते हैं। जिसमें चरस, अफीम और गांजा मुख्य हैं। ऐसे में भांग के नमूनों की जांच से आबकारी विभाग क्या सिद्ध करना चाहता है। जबकि होना यह चाहिए था कि आबकारी विभाग को पहले कर्मचारी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ करनी चाहिए थी। क्योंकि उक्त कर्मचारी ठेके पर बहुत काम माल रखता है। ज्यादा माल पड़ोस की एक दुकान पर रखा होता है।
सही हुआ जो पकड़ा गया
शनिवार को दिनभर नशा करने वाले लोग ठेके के चक्कर काटते हुए परेशान घूमते रहे। इस दौरान नशा खरीदने आए कुछ युवकों ने बताया कि यह इकलौता होने के कारण माल महंगा बेचता था, सही हुआ जो पकड़ा गया। लोगों ने बताया कि लालकुर्ती में भी इसी तरह से नशीले पदार्थ बेचे जा रहे हैं।
गंगानगर में और जगहों पर भी होता है कारोबार
करीब दो साल पूर्व अमर उजाला ने जेपी कॉलेज के आसपास की दुकानों पर भी चरस व अफीम बेचे जाने का खुलासा हुआ था। आरोपी युवक ने ज्यादा से ज्यादा मात्रा में चरस उपलब्ध कराने की बात कही थी, लेकिन पुलिस नशे के सौदागरों को नहीं पकड़ पाई थी।
हमारे द्वारा भांग के नमूने लिए गए हैं, जिसे जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है। इसके अलावा अन्य भांग के ठेकों पर भी छापेमारी की गई है। अब नियमित जांच होगी और यदि अन्य कोई नशीला पदार्थ बिकता पाया गया तो कड़ी कार्रवाई होगी। वहीं जांच में यदि भांग के भीतर कोई गड़बड़ पाई जाती है तो ठेका संचालक के खिलाफ कार्रवाई तय होगी। एसपी सिंह, जिला आबकारी अधिकारी