मेरठ। कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यापारी कानपुर के कई कपड़ा व्यापारियों से करोड़ों का माल लेकर रातों रात फरार हो गया। कानपुर पुलिस स्थानीय पुलिस के साथ आरोपी व्यापारी की तलाश में कोतवाली और लिसाड़ी गेट इलाके में दबिश दी। मुख्य आरोपी तो नहीं मिला। लेकिन पुलिस उसके साथी को पकड़कर कानपुर ले गई।
इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट मौ. असलम के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने कुछ साल पहले कानपुर में फर्म बनाकर किराए की दुकान में कपडे़ का काम शुरू किया था। वहां के व्यापारियों से माल खरीदा और समय पर भुगतान किया। समय पर लेनदेन की वजह से वहां के व्यापारी उस पर भरोसा करने लगे। इसी का फायदा उठा उसने कानपुर के कई व्यापारियों से करोड़ों का उधार कपड़ा खरीदा। 15 मार्च के आसपास की तिथि के चेक व्यापारियों को दे दिए। लेकिन चेक भुगतान की डेट आने से पहले ही वह सारा सामान समेटकर कानपुर से फरार हो गया। व्यापारियों को दिए गए चेक भी बाउंस हो गए तो उनमें खलबली मचनी शुरू हो गई। कानपुर के व्यापारियों ने इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई।
सर्विलांस से मिली लोकेशन
पुलिस के अनुसार सर्विलांस में आरोपी व्यापारी के मोबाइल फोन की कई बार लोकेशन मेरठ के कोतवाली क्षेत्र की ट्रेस हुई। इसी आधार पर कानपुर से सब इंस्पेक्टर अतीक अहमद पुलिस टीम और व्यापारियों के साथ शनिवार सुबह कोतवाली पहुंचे। कानपुर पुलिस ने कोतवाली पुलिस के साथ कोतवाली इलाके में दबिश देकर एक युवक को पकड़ लिया। यह युवक फरार व्यापारी के साथ दुकान पर रहता था। इस युवक की निशानदेही पर टीम ने लिसाड़ी गेट में एक गोदाम पर दबिश देकर वहां से काफी मात्रा में कपड़ा बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी व्यापारी की तलाश में कई जगह दबिश दी गई। लेकिन वह फरार मिला। पुलिस टीम आरोपी युवक और बरामद कपड़े को लेकर कानपुर लौट गई।
खास बात
उधार माल उठाकर रातों रात धंधा बंद कर आया मेरठ, चेक भी बाउंस
व्यापारियों के साथ पहुंची कानपुर पुलिस, काफी माल बरामद, एक हिरासत में