मेरठ के युवक ने नौवीं की छात्रा से किया रेप
आरोपी ने पीड़िता के छोटे भाई-बहन को पीटकर धमकाया, गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
मोदीनगर।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी नौवीं की छात्रा से रेप किए जाने का मामला सामने आया है। अक्तूबर, 2017 में स्कूल जाने के दौरान गांव गूनगेजा, थाना परतापुर, मेरठ निवासी युवक छात्रा को फुसलाकर खाली प्लाट में ले गया और उससे रेप किया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि तब कोतवाली पुलिस ने दबाव बनाकर समझौता करा दिया था। पिछली फरवरी में आरोपी ने चार दोस्तों के साथ पीड़िता के छोटी बहन-भाई से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव निवासी 13 वर्षीय लड़की कक्षा नौवीं में पढ़ती है। उसने पुलिस को बताया कि 23 अक्तूबर, 2017 को वह स्कूल गई थी। परतापुर के गूंनगेजा निवासी छात्र अपने दोस्त निवासी सुदामापुरी के साथ फुसलाकर मोदीनगर में खाली पड़े एक प्लाट में ले गया और रेप किया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष पर दबाव बनाते हुए समझौता करा दिया। आरोप है कि दारोगा ने पीड़ित पक्ष से गाली गलौज भी की थी।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, 27 फरवरी 2018 को आरोपी युवक ने चार दोस्तों के साथ पीड़ित छात्रा के छोटे भाई-बहन से मारपीट की। इस पर परिजनों ने पुलिस के आला अधिकारियों से शिकायत की। कोतवाली पुलिस ने सात मार्च को पांच युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। एसएचओ गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि आरोपियों में बंटी पुत्र भोपाल निवासी गूंनगेजा थाना परतापुर, रणजीत निवासी सुदामापुरी, नितिन, संदीप व मोहित निवासी डबल स्टोरी गोविंदपुरी शामिल है। मुख्य आरोपी बंटी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी चार फरार हैं।
दरोगा ने रेप पीड़िता की मां को दी गाली
अमितेश कुमार पांडेय
मोदीनगर। रेप पीड़िता छात्रा की मां को बस स्टैंड पुलिस चौकी प्रभारी ने गालियां दी थीं और बदनामी का डर दिखाकर आरोपी पक्ष के साथ मिलकर समझौता कराया था। गाली-गलौज का ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
पीड़ित छात्रा की मां के अनुसार, दरोगा ने मामले को शुरू से ही दबाने की कोशिश की। उसने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहले होली तक का समय मांगा। होली बीत जाने के बाद भी गिरफ्तारी न होने पर जब दारोगा को फोन किया गया तो उसने गाली गलौज की। दरोगा के गाली देने का ऑडियो भी वायरल हो रहा है। करीब तीन मिनट के ऑडियो में पहले बस स्टैंड चौकी प्रभारी शांत रहने की सलाह दे रहे हैं, बाद में गिरफ्तारी की बात कहने पर चौकी प्रभारी भड़क गए और पीड़िता की मां को फोन पर ही गाली देना शुरू कर दी। एसएचओ गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि गाली देने का ऑडियो अभी उन्होंने नहीं सुना है। जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।