तेजगढ़ी पुलिस चौकी पर सिखाया सबक
मेरठ। बाइक सवार दो मनचलों ने बुधवार शाम तेजगढ़ी चौकी के पास ई-रिक्शा से जा रही युवती से छेड़छाड़ कर दी। शोर मचने पर पुलिस ने दोनों मनचलों को दबोच लिया। युवती ने तहरीर देने से मना करते हुए मनचलों को चौकी पर ही चप्पल से पीटा। बाद में वहां पहुंचे एक आरोपी के पिता ने भी उसकी जमकर खबर ली।
पुलिस के अनुसार मेडिकल क्षेत्र निवासी एक युवती एक निजी फर्म में जॉब करती है। बुधवार शाम वह ई-रिक्शा से अपने घर जा रही थी। तेजगढ़ी चौकी के पास पीछे से आ रहे बाइक सवार युवकों ने बाइक धीमी कर अश्लील टिप्पणी करते हुए युवती को थप्पड़ जड़ दिया। युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने पीछा किया।
तेजगढ़ी चौराहे पर तेजगढ़ी चौकी इंचार्ज मुकेश कुमार चेकिंग कर रहे थे। भीड़ को पीछा दौड़ते देखकर पुलिस ने एक युवक को पकड़कर बाइक से गिरा लिया। जबकि दूसरा आरोपी बाइक लेकर भागा तो चौकी इंचार्ज ने उसे दबोच लिया। पुलिस के सामने ही भीड़ ने दोनों की पिटाई कर दी। पुलिस मनचलों को चौकी पर ले गई। इस बीच युवती ने फोन कर अपने परिजन बुला लिए। पुलिस ने तहरीर मांगी तो युवती ने तहरीर देने के बजाय दोनों मनचलों की पिटाई की। चौकी इंचार्ज ने बताया कि दोनों आरोपी आदाब निवासी कमालपुर और इरशाद निवासी मेदपुर छात्र बताए गए। दोनों के खिलाफ पुलिस अपने स्तर से कार्रवाई करेगी।
शास्त्रीनगर में छात्रा से छेड़छाड़
मेरठ। हापुड़ रोड स्थित एक कॉलोनी निवासी कक्षा 11 की छात्रा बुधवार दोपहर शास्त्रीनगर एल ब्लॉक स्थित एक स्कूल से घर जा रही थी। आरोप है कि शेरगढ़ी निवासी टिंकु ने छात्रा के साथ अश्लील हरकत कर दी। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। छात्रा ने बताया कि आरोपी एक माह से उसका पीछा कर रहा था। छात्रा के परिजनों ने कार्रवाई को लेकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर दी। एसओ नौचंदी का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।