सरधना। कस्बा स्थित मंडी में रविवार को दो सब्जी आढ़ती आपस में भिड़ गए। इस दौरान वहां पर अफरातफरी मच गई। दूसरे आढ़तियों ने मिलकर बीचबचाव कराया। इस मामले में दोनों ने एसडीएम कार्यालय एवं थाने में एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने शिकायती पत्र पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगर की बिनौली रोड स्थित मंडी में झिटकरी निवासी राजेंद्र पुत्र हरिसिंह एवं नगर निवासी अरविंद दोनों ही सब्जी की आढ़त करते हैं। दोनों के बीच सब्जी रखने को लेकर विवाद हो जाता है। राजेंद्र जिस जगह सब्जी रखता है। उस जगह की करीब एक सप्ताह पूर्व तारबंदी करनी शुरू कर दी थी। जिसमें विरोध होने पर तारबंदी को रोक दिया गया था। तब तो मामला शांत हो गया। रविवार सुबह के समय इसी तारबंदी को लेकर फिर से कहासुनी हो गई और मामला बढ़ा तो दोनों के बीच जूतमपैजार तक हो गई। लोगों ने दोनों के बीच में बीच बचाव कराया। वहां पर तो मामला शांत हो गया, लेकिन बाद में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए एसडीएम कार्यालय के साथ ही कोतवाली पर भी रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर, इस संबंध में एसडीएम अमित कुमार ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य बातें
एसडीएम कार्यालय में शिकायत के साथ थाने में दोनों पक्षों ने दी तहरीर